बॉलीवुड छोड़ने वाली दंगल गर्ल जायरा वसीम ने फैंस से कहा- सोशल मीडिया से हटा दें मेरी तस्वीर
नई दिल्ली। दंगल गर्ल से मशहूर हुई और फिर बॉलीवुड छोड़ने का ऐलान कर सभी को चौंकाने वाली जायरा वसीम अब अपनी नई अपील को लेकर चर्चा में हैं। जायरा ने शनिवार को अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनकी तस्वीर हटा दें और उसे शेयर न करें। उन्होंने कहा कि वह अब नए जीवन की शुरुआत करने वाली हैं।
Recommended Video

इंस्टाग्राम पर की प्रशंसकों से अपील
राष्ट्रीय अवार्ड जीतने वाली जायरा वसीम ने पिछले साल 2019 में बॉलीवुड छोड़ दिया था। उनके इस ऐलान ने प्रशंसकों को तो निराश किया वहीं इस मुद्दे पर जायरा वसीम की आलोचना भी हुई थी।
अब एक बार फिर जायरा वसीम ने इंस्टाग्राम पर अपने प्रशंसकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी को हेलो। जो प्यार और उदारता आपने मेरे लिए दिखाई है उसका शुक्रिया अदा करने के लिए मैं आप सभी का बस थोड़ा सा समय लेना चाहती हूं। आप सब हमेशा मेरा प्यार और ताकत रहे हैं। इस सबके लिए आपका शुक्रिया।

जीवन का नया अध्याय शुरू करने जा रही- जायरा
जायरा ने आगे लिखा कि मैं आप सभी से प्रार्थना करती हूं कि आप सभी मेरी तस्वीर अपने अकाउंट से हटा दें और जो फैन पेज हैं उनसे भी ऐसा ही करने को कहें। हालांकि जायरा वसीम मानती हैं कि पूरी तरह से सोशल मीडिया से तस्वीर हटना संभव नहीं है। उन्होंने आगे लिखा है कि "उन्हें पूरी तरह से इंटरनेट से हटा पाना वाकई असंभव है लेकिन मैं कम से कम आपसे ये अपील कर सकती हूं कि आप आगे से इसे अपने पेज पर शेयर न करें। मैं उम्मीद करती हूं कि आप मुझे वैसे ही सपोर्ट करेंगे जैसे आपने मुझे अब तक किया है।
मैं अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करने जा रही हूं और आपके सहयोग से मुझे बहुत मदद मिलेगी (बहुत ही ज्यादा) ।

अभिनय के लिए मिला था राष्ट्रीय पुरस्कार
जायरा ने अपने करियर की शुरुआत आमिर खान की फिल्म दंगल से की थी। बाद में वे आमिर खान की ही एक और फिल्म सेक्रेट सुपरस्टार में नजर आई थीं। जायरा वसीम को दंगल फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। जायरा को दंगल फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री की श्रेणी में ये पुरस्कार दिया गया था। लेकिन उन्होंने 2019 में बॉलीवुड से अलग होने की घोषणा करके सभी को चौंका दिया था।
जायरा ने तब कहा था वह फिल्म लाइन से खुश नहीं हैं। ये उनके धार्मिक विश्वास और मान्यताओं से मेल नहीं खाता। इसके बाद जायरा की कई हिस्सों से आलोचना हुई थी और उन पर धार्मिक रुढ़िवादी होने का आरोप लगाया गया था। वहीं कुछ तबकों ने उनके ऊपर दबाव की बात भी कही। जायरा ने आखिरी फिल्म प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर के साथ स्काई इज पिंक की थी।












Click it and Unblock the Notifications