Daily Political Update: 'मैं अब आपके साथ रहूंगा, इधर-उधर नहीं जाऊंगा', पीएम मोदी से बोले नीतीश
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार समेत तीन राज्यों के दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने एक सभा में कहा कि बिहार का विकास तभी होगा, जब गरीब का विकार होगा। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मजेदार लहजे में अपनी बात कही।
उधर, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। वहीं, भारत के पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद गौतम गंभीर ने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...

बिहार दौरे पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के औरंगाबाद के बाद बेगूसराय पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिहार का विकास तभी होगा जब राज्य के गरीब आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमारी सरकार हर गरीब, दलित, आदिवासी और वंचितों की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस दौरान पीएम मोदी के साथ नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहे।
नीतीश बोले: आपके साथ ही रहेंगे अब
बिहार जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी साथ रहे। सीएम नीतीश कुमार ने अपने भाषण में मजेदार लहजे से सबको हंसने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, नीतीश कुमार ने पीएम मोदी से कहा, आप पहले भी आए थे, पर इधर हम गायब हो गए थे। हम फिर आपके साथ हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं इधर-उधर नहीं जाऊंगा। इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
राहुल गांधी क्या बोले?
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के मुरैना में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "आजादी के बाद शायद ही किसी पार्टी ने 4000 किलोमीटर की यात्रा की होगी। इस यात्रा का बहुत फायदा भी हुआ क्योंकि देश में जो दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई हो रही है वो जनता को साफ दिखाई दे रही है। एक तरफ भाजपा के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से, एक जाति को दूसरी जाति से बांट रहे हैं। यात्रा से कांग्रेस पार्टी की पूरी विचारधारा एक ही लाइन में आ गई।"
कांग्रेस पर भाजपा का तंज
कांग्रेस की भारत न्याय जोड़ो यात्रा पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा, "मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और यात्रा उनकी पार्टी के एक सांसद निकाल रहे हैं। गुवाहाटी से राहुल गांधी की यात्रा शुरू हुई और चौपाटी में देवड़ा ने पार्टी छोड़ दी, वो(राहुल गांधी) पश्चिम बंगाल पहुंचे तो दीदी(ममता बनर्जी) ने मुंह मोड़ लिया, वो झारखंड पहुंचे तो सरकार तो बच गई लेकिन मुख्यमंत्री चला गया, वो बिहार पहुंचे तो INDI गठबंधन के सूत्रधार नीतीश कुमार उन्हें बीच मझधार में छोड़कर चले गए।"












Click it and Unblock the Notifications