Daily Political Update: 'मुझे भगवान राम पर विश्वास नहीं', डीएमके नेता ने दिया सनातन धर्म पर विवादित बयान
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तेलंगाना के संगारेड्डी में चुनावी सभा को संबोधित किया।
इस दौरान परिवारवाद का जिक्र करते हुए पीएम ने विपक्ष पर निशाना साधा। उधर, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोला है।

वहीं, डीएमके नेता ए राजा ने सनातन धर्म पर फिर से विवादित बयान देकर बखेड़ा कर दिया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने मंगलवार को संगारेड्डी में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने परिवारवाद का जिक्र करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कहा कि परिवारवाद लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने आगे कहा, "आज जब मोदी आपसे और आपके परिवार को दी गई गारंटी को पूरा करने में लगा है, तो कांग्रेस और उसके साथी मोदी को और मोदी के परिवार को गाली देने पर उतर आए हैं। क्योंकि, मैं इन लोगों के परिवारवाद के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं।"
''आप जय श्री राम बोलो और भूखे मर जाओ''
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को मध्य प्रदेश के शाजापुर पहुंची। इस दौरान राहुल गांधी ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे युवा चीन के बने मोबाइल में दिनभर रील देखते रहते हैं। मैं चाहता हूं कि मोबाइल पर मेड इन मध्य प्रदेश लिखा हो। लेकिन, मोदी जी चाहते हैं कि आप दिन भर मोबाइल पर रहो, जय श्री राम बोलो और भूखे मर जाओ।
डीएमके नेता ने दिया सनातन धर्म पर विवादित बयान
डीएमके नेताओं का सनातन धर्म पर विवादित बयानों का दौर नहीं थम रहा है। डीएमके नेता ए राजा ने भारत और सनातन धर्म को लेकर फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, ''भारत एक राष्ट्र है ही नहीं। इस बात को अच्छे से समझ लें। भारत कभी एक राष्ट्र था ही नहीं। भारत एक राष्ट्र नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप है। उन्होंने कहा कि मुझे रामायण और भगवान राम पर विश्वास नहीं है''
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का बयान
लालू यादव के पीएम मोदी पर कोई परिवार नहीं वाले बयान पर अब आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया आई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने 'मोदी का परिवार' बयान से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications