Daily Political Update: 'पूरा भारत ही मेरा घर है...', बिहार में पीएम मोदी ने परिवारवाद पर साधा निशाना
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को बिहार और बंगाल दौरे पर रहे। पीएम मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वालों को अपने परिवार की चिंता थी।
पीएम ने कहा कि संदेशखाली की घटना से देश को शर्मसार कर दिया। वहीं, संदेशखाली मामले में पूरे बंगाल में हंगामा मचा हुआ है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है।

वहीं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सभी गारंटियों को पूरा करती है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
जंगलराज वालों को अपने परिवार की चिंता: पीएम मोदी
बिहार के बेतिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंगलराज और परिवारवाद पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद से बिहार के युवाओं का पलायन बड़ी समस्या रही है। बिहार में जंगलराज आया तो यह पलायन और बढ़ गया। जंगलराज लाने वाले लोगों ने सिर्फ अपने परिवार की चिंता की। विपक्षी गठबंधन का सबसे बड़ा मुद्दा है कि मोदी का परिवार नहीं है। लेकिन, मेरे लिए तो पूरा भारत ही घर है।
शाहजहां शेख को लेकर घमासान
संदेशखाली मामले को लेकर बंगाल में हंगामा मचा हुआ है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है। लेकिन, अब तक बंगाल पुलिस ने शाहजहां को सीबीआई के हवाले नहीं किया है। वहीं, सीबीआई शाहजहां को हिरासत में लेने के लिए पुलिस मुख्यालय में इंतजार कर रही है। वहीं, पीएम मोदी ने बंगाल की रैली में संदेशखाली मामले को लेकर ममता सरकार को घेरा। पीएम ने कहा कि इस घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया।
कांग्रेस हर गारंटी करती है पूरी: खड़गे
मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को पूरा करती है। राहुल गांधी जिस भी राज्य में जाते हैं, वहां गारंटी देते हैं और उसे हम पूरा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि हमारी सरकार केंद्र में आती है तो MSP से जुड़ी, युवाओं के लिए, गरीबों के लिए और किसानों के लिए हमारी जो गारंटी है उसे हम लागू करके रहेंगे।
महा विकास अघाड़ी की बैठक
लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग मुद्दे को लेकर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की बैठक हुई। कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने बताया कि बैठक अच्छी रही और हमें उम्मीद है कि नतीजे भी ऐसे ही होंगे। वीबीए प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। अगली बैठक जल्द ही होगी।












Click it and Unblock the Notifications