Daily Political Update: 'चुनाव में PM को याद आते हैं मंदिर...', कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बोला हमला
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट जारी करते हुए कहा कि पोस्टल स्टैंप इतिहास और ऐतिहासिक अवसरों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम होते हैं।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को जवाब देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उधर, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज असम में प्रवेश कर गई, तो वहीं कांग्रेस ने राम मंदिर को लेकर एक बार फिर से पीएम मोदी को घेरा है।

आइए जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट जारी
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पोस्टल स्टैंप इतिहास और ऐतिहासिक अवसरों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं और इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान भगवान राम पर दुनिया भर में जारी टिकटों की एक पुस्तक भी जारी की।
केजरीवाल ने दिया ईडी के नोटिस का जवाब
दिल्ली एक्साइज पॉलिसी स्कैम से जुड़े घोटाले मामले में ईडी द्वारा चौथी बार नोटिस भेजे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि यह सभी नोटिस राजनैतिक षड्यंत्र के तहत अवैध तरीके से भेजे जा रहे हैं। इनका मकसद लोकसभा चुनाव से पहले यह सब करके मुझे चुनाव प्रचार करने से रोकने का है। बता दें कि ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मामले में सीएम केजरीवाल को नोटिस भेजकर पेश होने के लिए कहा था।
यहां की सरकार सबसे भ्रष्ट: राहुल गांधी
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को असम में प्रवेश कर गई। इस दौरान राहुल गांधी ने हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शायद यहां की सरकार सबसे भ्रष्ट है। बीजेपी और आरएसएस देश में नफरत फैला रहे हैं और जनता के पैसे लूट रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने मणिपुर का मुद्दा भी उठाया।
चुनाव आते ही मंदिर पहुंच जाते हैं पीएम: कांग्रेस
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बीच कांग्रेस ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि देश में किसान अभाव की वजह से आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन, प्रधानमंत्री किसी भी किसान के घर नहीं जाते। अब जब चुनाव है तो प्रधानमंत्री मोदी का मंदिर जाना बढ़ गया है। क्योंकि, हर मंदिर में जाकर वे राम मंदिर का प्रचार करते हैं। भाजपा ने धर्म के आधार पर वोट मांगने का फैसला कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications