Daily Political Update: मतदान का यह आखिरी मौका... नीतीश को लेकर बोले खड़गे, ममता ने बीजेपी को घेरा
Daily Political Roundup: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी जारी है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने नीतीश कुमार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधा है। खरगे ने कहा कि ईडी हर किसी को नोटिस दे रही है।

इस डर के कारण कुछ दोस्ती छोड़ रहे हैं। वहीं, उधर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बिहार में राहुल गांधी ने फिर भाजपा पर हमला बोला, तो बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम..
यह आखिरी मतदान करने का मौका: खड़गे
नीतीश कुमार के एनडीए में जाने के बाद महागठबंधन इंडिया में आई दरार पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का गुस्सा फूटा है। खड़गे ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ईडी हर किसी को नोटिस थमाकर लोगों को डरा रही है। इससे कुछ दोस्ती छोड़ रहे हैं, कुछ पार्टी तो कुछ गठबंधन छोड़ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह आपके लिए मतदान का आखिरी मौका है। इसके बाद कोई मतदान नहीं होगा।
ममता का बीजेपी पर बड़ा आरोप
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर लोगों को डरा धमका कर वोट मांगने का आरोप लगाया है। ममता ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ईडी के जरिये लोगों को डरा रही है। वह फोन पर लोगों को धमकी दे रही है कि उन्हें वोट नहीं दिया तो घरों में ईडी और सीबीआई को भेज देंगे। ममता ने आगे कहा कि भाजपा सरकार सीएए के मुद्दे को जानबूझकर कर लेकर आई है, जिससे कि वह लोकसभा से पहले राजनीति कर सके।
भाजपा देश में नफरत फैला रही: राहुल गांधी
बिहार के किशनगंज में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "हिंदुस्तान की राजनीति पर यात्रा का बहुत बड़ा असर पड़ा। एक विचारधारा जो भाजपा देश के सामने रोज रखती है, नफरत, हिंसा। उसके खिलाफ एक नई विचारधारा खड़ी हुई, मोहब्बत। जितनी भी कोशिश कर लो नफरत को नफरत नहीं काट सकती, नफरत को सिर्फ प्यार काट सकता है।"
प्रधानमंत्री ने की परीक्षा पे चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत मंडपम में परीक्षा पे चर्चा की। इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों को परीक्षा के समय तनाव दूर करने के मंत्र दिए। पीएम मोदी ने कहा कि "किसी भी शिक्षक के मन में जब ये विचार आता है कि मैं छात्र के इस तनाव को कैसे दूर करूं? अगर शिक्षक और छात्र का नाता परीक्षा के कालखंड का है तो सबसे पहले वो नाता सही करना चाहिए। छात्र के साथ आपका नाता पहले दिन से परीक्षा आने तक निरंतर बढ़ते रहना चाहिए तो शायद परीक्षा के दिनों में तनाव की नौबत ही नहीं आएगी। आज मोबाइल का जमाना है। क्या कभी किसी छात्र ने आपको फोन किया है? जिस दिन आप पाठ्यक्रम से आगे निकलकर उससे नाता जोड़ोगे तो वो अपनी छोटी-मोटी समस्याओं में भी आपसे अपनी मन की बात करेगा।"












Click it and Unblock the Notifications