Cyclone Shakti News: 'चक्रवाती तूफान शक्ति' की झूठी खबर ने मचाया हड़कंप, IMD ने बताई सच्चाई
Cyclone Shakti Fake News: सोशल मीडिया पर वायरल एक फर्जी खबर ने देशभर में हड़कंप मचा दिया, जब कुछ असत्यापित प्लेटफॉर्म्स ने दावा किया कि 'चक्रवाती तूफान शक्ति' जल्द ही भारत के पूर्वी तट से टकराने वाला है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भय और भ्रम की लहर दौड़ गई। लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम विज्ञान विशेषज्ञों ने इन दावों को नकारते हुए स्पष्ट किया कि ये सिर्फ अफवाह है, हकीकत नहीं।
ट्विटर, फेसबुक और कुछ यूट्यूब चैनलों पर यह दावा तेजी से वायरल हुआ कि बंगाल की खाड़ी में बना एक 'चक्रवाती तूफान शक्ति' 48 घंटे में ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। कई फर्जी ग्राफिक्स और गूगल इमेजेस के सहारे इसे प्रमाणित करने की कोशिश भी की गई। आइए जानते हैं पूरा मामला....

चक्रवाती तूफान या चक्रवाती परिसंचरण - फर्क समझिए
दरअसल, लोगों में भ्रम इसीलिए फैला क्योंकि 'चक्रवाती' शब्द सुनते ही सभी को तूफान की आशंका हो गई। लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 'चक्रवाती परिसंचरण' और 'चक्रवाती तूफान' दो अलग चीजें हैं। चक्रवाती परिसंचरण मतलब ऊंचाई पर हवा का गोल-गोल घूमना, जो जरूरी नहीं कि तूफान बने या जमीन पर कोई बड़ा असर डाले। वहीं, चक्रवाती तूफान होता है जमीन के पास बना तेज हवा और भारी बारिश वाला सिस्टम, जो नुकसान पहुंचा सकता है।
क्या है 'शक्ति' नाम के तूफान की सच्चाई?
कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि 'शक्ति' नाम का चक्रवात आने वाला है। लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ किया कि ऐसा कोई चक्रवात बना ही नहीं है।
कोलकाता मौसम केंद्र के प्रमुख हबीबुर रहमान बिस्वास ने कहा, 'लोग चक्रवाती शब्द से डर जाते हैं, जबकि चक्रवाती परिसंचरण सामान्य बात है और ये तूफान नहीं होता।'
अफवाहों से कैसे बचें?
IMD ने अपील की है कि केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। कोई भी चक्रवात आता है तो IMD की वेबसाइट, समाचार चैनल या मोबाइल अलर्ट के ज़रिए सही जानकारी दी जाती है।
अभी तक कोई तूफान नहीं बना है। 'शक्ति' नाम का कोई चक्रवात आने वाला नहीं है। यह सिर्फ सोशल मीडिया की अफवाह है।
चक्रवाती परिसंचरण और चक्रवात (तूफान) में क्या फर्क है?
इस भ्रम की जड़ में अक्सर मौसम से जुड़े वैज्ञानिक शब्दों की गलत व्याख्या होती है। मौसम विशेषज्ञों ने इसे विस्तार से समझाया-
चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation):
- यह वायुमंडल में एक घूमती हुई हलचल होती है, जो अक्सर ऊपरी या निचली सतह पर बनती है।
- यह तूफान का पहला चरण हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यह चक्रवात बनेगा।
- इससे हल्की वर्षा या स्थानीय मौसम में बदलाव हो सकते हैं।
चक्रवात / साइक्लोन (Cyclone):
- यह एक पूर्ण विकसित, शक्तिशाली मौसम प्रणाली होती है, जिसमें तेज हवाएं (63 किमी/घंटे से अधिक), भारी वर्षा और समुद्र में ऊँची लहरें शामिल होती हैं।
- इसका नामकरण तभी किया जाता है जब यह 'डिप्रेशन' और 'डीप डिप्रेशन' के स्टेज पार कर लेता है।
- तूफान बनने की पुष्टि केवल मौसम विभाग करता है।












Click it and Unblock the Notifications