Cyclone Murasu: चक्रवात मुरासू का कहर, आंध्र प्रदेश में मिली तमिलनाडु के 7 मछुआरों की लाश, 2 की तलाश तेज
Cyclone Murasu Update: आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवात 'मुरासू' ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। तमिलनाडु से लापता 9 मछुआरों में से 7 की लाश आंध्रप्रदेश में समुद्रतट के पास बरामद हुई है। अन्य 2 लापता मछुआरों की खोज तेज कर दी गई है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी कि प्रकाशम जिले के कोथापटनम बीच के पास एक नाव के पलट जाने से यह दुर्घटना हुई। प्रशासन लापता अन्य दो मछुआरों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज अभियान चला रहा है।

चक्रवात में मूवमेंट की चेतावनी अनसूना करना बना जानलेवा
आधिकारिक जांच रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है कि चक्रवात मुरासू के आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने से पहले तमिलनाडु के चेन्नई के पास कासिमेडु से आए कुछ मछुआरों के समूहों ने आंध्र प्रदेश के विभिन्न बंदरगाहों पर शरण ली थी। इनमें से तीन नावें रामयपटनम और एक नाव निजामपटनम में रुकी हुई थीं।
पिछले 3 नवंबर को निजामपटनम बेस वाली नाव पर सवार नौ मछुआरे बिना किसी राज्य के अधिकारियों या संबंधित विभागों को सूचना दिए रामयपटनम में अपने साथियों से मिलने के लिए निकल पड़े थे। इसी दौरान वे समंदर में भीषण चक्रवाती हवाओं और उग्र लहरों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी नाव असंतुलित होकर पलट गई।
सीएम ने दिए राहत-पुनर्वास और तलाश तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा, "आंध्र प्रदेश तट के पास गंभीर चक्रवात मुरासू के कारण हुई प्रतिकूल मौसम स्थितियों के चलते तमिलनाडु के सात मछुआरों की जान चली गई है। हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो दो मछुआरे अभी भी लापता हैं, उनकी तलाश के लिए खोज अभियानों को और तीव्र किया जाए।"
7 लाशें बरामद होने की घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने चक्रवात मुरासो रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। अधिकारियों ने सीएम को बताया कि हादसे का शिकार हुई नाव प्रकाशम जिले के कोथापटनम बीच पर बहकर आ गई थी। इससे पहले सीएम नायडु ने मरासु-प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे।
हादसे के बाद आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु सरकार के बीच तालमेल तेज कर दिया गया है। तमिलनाडु सरकार ने स्थिति का जायजा लेने और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मत्स्य विभाग के एक सहायक निदेशक के नेतृत्व में अधिकारियों की एक विशेष टीम को आंध्र प्रदेश भेजा है।
इंडियन कोस्टगार्ड और स्थानीय प्रशासनिक अमला समुद्र में लापता दोनों मछुआरों की तलाश में जुटा हुआ है। साथ ही, कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद मृत मछुआरों के शवों को उनके पैतृक स्थानों पर भेजने के प्रबंध किए जा रहे हैं। मौसम विभाग की चेतावनियों के बावजूद तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा प्रोटोकॉल और आवाजाही के नियमों का पालन करने की आवश्यकता एक बार फिर इस दुर्घटना ने रेखांकित कर दी है।


Click it and Unblock the Notifications
