Cyclone Jawad को लेकर IMD ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए क्या कहा?
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि 10 अक्टूबर 2021 के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जो कि तूफान 'जवाद' के रूप में परिवर्तित हो सकता है, इसकी वजह से अंडमान निकोबार और ओडिशा में भारी बारिश की आशंका है। तूफान की आशंका से एक बार फिर से लोगों में दहशत पैदा हो गई है क्योंकि राज्य के लोगों ने हाल ही में 'गुलाब 'और 'शाहीन' साइक्लोन का प्रकोप झेला है।

ओडिशा में भारी बारिश की आशंका
हालांकि, अलग-अलग मौसम मॉडल ने लोगों में डर पैदा कर दिया है क्योंकि वैसे भी अक्टूबर को राज्य के लिए 'चक्रवात कामहीना' माना जाता है। बता दें कि ओडिशा तट से टकराने वाले अधिकांश बड़े चक्रवात अक्टूबर में ही आए थे।

13 अक्टूबर को ही स्थिति साफ होगी
इस बारे में बात करते हुए मौसम विभाग के एक पूर्व निदेशक शरत साहू ने कहा कि वर्तमान मौसम की स्थिति चक्रवात के लिए अनुकूल दिख रही है लेकिन इसके बारे में इतनी जल्दी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तार से 13 अक्टूबर को ही स्थिति साफ होगी।

दक्षिण-पश्चिम मानसून
हालांकि आईएमडी ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात , राजस्थान , पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़,दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से आज वापस आ गया है और अन्य राज्यों से इसकी विदाई अगले एक-दो दिनों में हो जाएगी।

जोरदार बारिश की आशंका
तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक अगले अगले 24 से 48 घंटों के दौरान गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश , अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, केरल तटीय कर्नाटक और कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तो वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में जोरदार बारिश की आशंका बनी हुई है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications