CoinDCX Hacked: साइबर हमले ने उड़ाए CoinDCX के करोड़ों रुपये, कंपनी बोली – हम खुद करेंगे भरपाई
Crypto Exchange CoinDCX Hacked: डिजिटल करेंसी की दुनिया में भरोसे का नाम बन चुकी CoinDCX को एक बड़े साइबर हमले का सामना करना पड़ा है। भारत की प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों में से एक CoinDCX शनिवार तड़के जब देश सो रहा था, तब हैकर्स ने कंपनी के एक इंटरनल ऑपरेशनल अकाउंट को निशाना बनाकर करोड़ों की चपत लगा दी। इस हमले में CoinDCX को करीब 44 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹368 करोड़ का नुकसान हुआ है।
यह हमला न केवल तकनीकी सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अब साइबर अपराधी क्रिप्टो सेक्टर को टारगेट करने में कितने शातिर और हाई-टेक हो चुके हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि नुकसान वाली अकाउंट में किसी भी यूज़र का फंड शामिल नहीं था और जितना भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई CoinDCX खुद अपनी ट्रेजरी से करेगी।

'यूजर्स के फंड पूरी तरह सुरक्षित'
CoinDCX ने एक आधिकारिक बयान में साफ किया है कि यह अकाउंट केवल लिक्विडिटी ऑपरेशन्स के लिए इस्तेमाल किया जाता था और इसमें ग्राहकों के फंड या निवेश नहीं रखे जाते थे। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि यूज़र्स के सभी फंड पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ये भी पढ़ें: AI Sanskaar Bots: क्या अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से मिलेगी बच्चों को नैतिक शिक्षा और संस्कार?
'सर्वर ब्रीच से हुआ नुकसान'
कंपनी के सह-संस्थापक सुमित गुप्ता ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह हमला एक बेहद "सोपिस्टिकेटेड सर्वर ब्रीच" के जरिए हुआ है। उन्होंने बताया कि इस नुकसान की भरपाई CoinDCX अपने खजाने (ट्रेजरी रिजर्व) से करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी की वित्तीय स्थिति इतनी मजबूत है कि वह इस घाटे को आराम से झेल सकती है।
Web3 प्लेटफॉर्म कुछ समय के लिए रुका
हमले का पता चलते ही CoinDCX ने एहतियात के तौर पर अपना Web3 ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। हालांकि अब यह फिर से चालू कर दिया गया है। कंपनी ने बताया कि मुख्य क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और INR निकासी पर इस हमले का कोई असर नहीं पड़ा है, और यूज़र्स पहले की तरह प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं।
बढ़ती क्रिप्टो हैकिंग की घटनाएं चिंता का विषय
हाल के महीनों में क्रिप्टो से जुड़ी कंपनियों पर हैकिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। CoinDCX जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर हमला होना भारत के डिजिटल फाइनेंशियल सेक्टर के लिए एक गंभीर चेतावनी है। हालांकि कंपनी के त्वरित रिस्पॉन्स और पारदर्शिता ने फिलहाल यूज़र्स को राहत जरूर दी है।
ये भी पढ़ें: सिविल इन्जीनियरिंग की पढ़ाई, साइबर फ्रॉड कर करोड़ों की कमाई, मैट्रीमोनियल साईट पर महिला बनकर ऐसे किया खेल












Click it and Unblock the Notifications