भूखे भिखारी को खाना देने वाले CRPF के जवान को आईजी ने किया सम्मानित, सोशल मीडिया पर हुई तारीफ
माजिद ने आगे लिखा है सीआरपीएफ जवान ने वहां से गुजर रहे अन्य लोगों से भी खाने के लिए कुछ चीज है पूछा, लेकिन किसी के पास से कुछ नहीं मिला।
नई दिल्ली। श्रीनगर में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपना खाना एक भूखे भिखारी को दे दिया, जिसके बाद लोग उस जवान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस घटना का जिक्र माजिद हैदरी नाम के एक पत्रकार ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए किया है। माजिद की इस पोस्ट को सीआरपीएफ हेडक्वॉर्टर ने संज्ञान में लिया और भिखारी को खाना देने वाले जवान सुजीत कुमार को कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। पत्रकार माजिद हैदरी ने इस घटना के बारे में विस्तार से लिखा है। उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर खूब शेयर किया गया है।

पत्रकार माजिद ने लिखा है...
माजिद हैदरी ने लिखा कि फिरन पहने एक व्यक्ति को श्रीनगर पुलिस हेडक्वाटर के पास सीआरपीएफ जवान के पास रेंगते हुए देखा गया। पहली नजर में यह देखकर ऐसा लगा कि कोई गरीब कश्मीरी फिर से अपने अधिकारों के लिए बोलने का शिकार हुआ है, जिसके लिए कश्मीर में पैरामिलिट्री फोर्सेस मशहूर हैं। सीआरपीएफ जवान गरीब आदमी से कुछ कह रहा था। माजिद ने लिखा कि पीर बाग ब्रिज के पास खड़े दो व्यक्ति मुझे जानते थे, उनसे मामला जानने के लिए मैंने अपनी बाइक की रफ्तार धीमी की। इससे पहले कि मैं कुछ जानकारी ले पाता एक सी.आर.पी.एफ जवान उनके पास पहुंचा और उनसे पूछने लगा कि क्या तुम्हारे पास खाने के लिए रोटी है, लेकिन वहां खड़े लोगों की प्रतिक्रिया नकारात्मक थी।

'जवान ने अपने पास से केला निकालकर उस भूखे भिखारी को दिया'
माजिद ने आगे लिखा है सीआरपीएफ जवान ने वहां से गुजर रहे अन्य लोगों से भी खाने के लिए कुछ चीज है पूछा, लेकिन किसी के पास से कुछ नहीं मिला। उसकी क्रिया ने मुझे प्रभावित किया और मैं कुछ देर यह सब होते हुए देखता रहा। आखिर में सीआरपीएफ जवान ने अपने पास से केला निकालकर उस भूखे भिखारी को दिया जो कि खुद उनके अपने लंच के लिए था। जवान ने भिखारी से कहा कि ये लो भाई खालो।

सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
वहीं सीआरपीएफ जवान द्वारा एक भूखे भिखारी के लिए इतनी सहानुभूति और मानवता देख सोशल मीडिया यूजर्स उसकी काफी तारीफ कर रहे हैं। माजिद हैदरी के पोस्ट के अनुसार इस सीआरपीएफ जवान का नाम सुजीत कुमार है, जो कि बिहार का रहने वाला है।सीआरपीएफ जवान की तारीफ करते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि इंसान हर जगह हैं लेकिन इंसानियत कुछ ही दिखाते हैं। एक ने लिखा कि यह इनकी पोशाक है जो कि कश्मीर में उनके लिए नफरत पैदा करती है लेकिन वे भी इंसान हैं।












Click it and Unblock the Notifications