J&K पुलिस डीजीपी ने कहा अगर CRPF जवान ने खो दिया होता धैर्य तो चली जाती युवाओं की जान
जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी एसपी वैद ने सीआरपीएफ जवान की पिटाई वाले वीडियो पर दिया बयान। सीआरपीएफ जवान के धैर्य की वजह से बच गई कई युवाओं की जान अगर खो दिया होता धैर्य तो फिर जा सकती थी उनकी जान।
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी ने श्रीनगर में सीआरपीएफ जवान के वीडियो पर एक अहम बयान दिया है। जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी एसपी वैद ने सीआरपीएफ जवान के धैर्य की तारीफ की है। वहीं इस घटना में जम्मू कश्मीर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

होगी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई
एसपी वैद ने कहा है कि अगर जवान ने अपना धैर्य खो दिया होता तो फिर कई युवाओं की जान जा सकती है। दुनिया की कोई भी सेना पूरी ताकत के साथ इसका जवाब देती। उन्होंने जानकारी दी कि इस घटना के बाबत एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही इस पर कार्रवाई होगी। आपको बता दें कि नौ अप्रैल को जब सीआरपीएफ जवान चुनावी ड्यूटी पूरी करके लौट रहे थे तो कुछ युवाओं ने जवानों को पीटा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और फिर इस पर कार्रवाई की शुरुआत हुई है। एसपी वैध ने जानकारी दी है कि जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से छादूरा पुलिस स्टेशन में 'बदमाशों' के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है जिन्होंने सीआरपीएफ जवानों के साथ मार पीट की थी। उन पर कानून के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि डीजीपी एसपी वैध वही पुलिस ऑफिसर हैं जिन्होंने कश्मीर के युवाओं से अपील की थी कि वे एनकाउंटर के समय पत्थरबाजी न करें।
जवानों के धैर्य के मुरीद हुए डीजीपी
डीजीपी ने कहा जिस तरह का धैर्य सीआरपीएफ जवानों की ओर से दिखाया गया वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा, मैं सीआरपीएफ जवानों के धैर्य का कायल हो गया हूं।' बडगाम जिले में चुनावों के दौरान हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई थी। सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर जनरल रविदीप सिंह साही ने भी शुक्रवार को बताया है कि जांच के दौरान पाया गया वीडियो असली है। हमने इस घटना में शामिल कंपनी और लोकेशन की पहचान कर ली है। उन्होंने बताया कि यह घटना छादूरा विधानसभा सीट के करालपोरा इलाके में हुई है जो बडगाम में आता है। सूत्रों ने बताया है कि पुलिस ने सीआरपीएफ के जवानों पर हमला करने वाले युवकों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications