तमिलनाडु में CRPF Exam पर सियासी घमासान, CM स्टालिन बोले-यह घोर भेदभाव, अमित शाह को लिखी चिट्ठी
CRPF Exams: तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने सीआरपीएफ की भर्ती के लिए कंप्यूटर टेस्ट में हिंदी और अंग्रेजी को अनिवार्य करना संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। उन्होंने इसके लिए अमित शाह को चिट्ठी लिखी है।

CRPF Exams In Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) ने सीआरपीएफ में भर्ती के लिए डिजिटल परीक्षा में तमिल को शामिल नहीं करने का विरोध करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को को चिट्ठी लिख घोर भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि केवल अंग्रेजी और हिंदी को अनिवार्य करना एकतरफा है। यह निर्णय तमिलनाडु के कई उम्मीदवार को परीक्षा देने से रोकता है और इससे उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन होगा।
अपने पत्र में सीएम एमके स्टालिन (MK Stalin) ने लिखा कि परीक्षा केवल अंग्रेजी और हिंदी में लिखने का विकल्प है जिससे तमिलनाडु के उम्मीदवार अपने मूल राज्य में अपनी मातृभाषा में परीक्षा देने में असमर्थ हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि रविवार को केंद्र सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में 9,212 रिक्तियों में से 579 को तमिलनाडु से भरा जाना था, जिसके लिए परीक्षा 12 केंद्रों पर आयोजित की जानी है। लेकिन 100 में से 25 अंक हिंदी में बुनियादी समझ के लिए आवंटित किए गए हैं, जिसका लाभ केवल हिंदी भाषी उम्मीदवारों को मिलेगा। यह घोर भेदभाव है और तमिलनाडु के युवाओं के खिलाफ अन्याय है।
स्टालिन ने कहा कि यह उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी लेने से रोकने जैसा होगा। स्टालिन ने प्रतियोगी परीक्षा में तमिल सहित क्षेत्रीय भाषाओं को अनुमति देकर गैर-हिंदी भाषी उम्मीदवारों को परीक्षा देने में सक्षम बनाने के लिए अमित शाह के तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
तमिलनाडु में दही विवाद पर भाषा को लेकर छिड़ी थी जंग
कुछ हफ़्ते पहले, डेयरी से संबंधित दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में एक और विवाद तब छिड़ गया जब खाद्य नियामक संस्था भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डेयरी सहकारी ब्रांडों को दही के पैकेट पर 'दही' और क्षेत्रीय नाम को कोष्ठक में लेबल करने के लिए अधिसूचित किया था। हालांकि, दक्षिणी राज्यों के राजनेताओं द्वारा भारी राजनीतिक प्रतिक्रिया के बाद, खाद्य नियामक ने अपने परिपत्र को संशोधित किया, जिन्होंने इसे 'हिंदी का प्रभाव' कहा।












Click it and Unblock the Notifications