16 वर्षीय किशोरी को जबरन शादी के लिए बेचा, 4 गिरफ्तार
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि एक किशोरी को जबरन शादी के लिए बेच दिया गया था। हालांकि, पुलिस की सक्रियता की वजह से किशोरी को छुड़ा लिया गया।

मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा का है, जहां शादी के लिए बेची गई 16 साल की लड़की को बचा लिया गया। इस मामले से जुड़ी एक महिला समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
किशोरी की मां ने की दूसरी शादी
पुलिस के मुताबिक, जिस लड़की को बेचा जा रहा था उसकी मां ने हाल ही पति को तलाक देकर जयपुर में किसी अन्य शख्स से शादी की है। जब लड़की की मां चार सितम्बर को जयपुर जा रही थी, उससे पहले उसने अपनी बेटी को एक कथित महिला रिश्तेदार के घर भेज दिया था।
अज्ञात लोगों को बेच दिया था
लेकिन जब वह जयपुर से वापस लौटी तो उसे पता लगा कि उसकी बेटी को अज्ञात लोगों को बेचा जा चुका था। उसने महिला रिश्तेदार और उसके कुछ सहयोगियों पर अपनी बेटी को नोएडा में बेचने की शिकायत की। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत नंद नगरी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस की सक्रियता आई काम
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कई जगहों पर छापेमारी कर लड़की को बचा लिया। पुलिस की मानें तो उस लड़की की नोएडा में एक लड़के से जबरन शादी कर दी गई थी। जब उस लड़के से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि लड़की को एक लाख रुपए में खरीदा है और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया है।
जोड़ी गईं गंभीर धाराएं
इस मामले की गंभीरता को समझते हुए पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई। उसके बयानों को दर्ज कर उनके आधार पर ही केस में अन्य संगीन अपराध की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी महिला, दुष्कर्म करने वाले लड़के और महिला के दो अन्य साथियों को अरेस्ट किया है। जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications