केरल: चाकू और तलवारों से CPM कार्यकर्ता पर 9 लोगों ने किया हमला, पहना था मास्क
कन्नूर। केरल के कन्नूर में सीपीएम के एक कार्यकर्ता पर 9 लोगों ने हमला किया है। यह हमला सोमवार को नयानर रोड पर किया गया। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे पर मास्क पहने हुए थे, ताकि उन्हें कोई पहचान न सके। हमले में सीपीएम कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमलावर चाकू और तलवारों के साथ हमला करने आए थे। इस हमले में घायल सीपीएम कार्यकर्ता का नाम श्रीजन बाबू बताया जा रहा है, जिन्हें थालासेरी कोऑपरेटिव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में काफी सारी चोटें आई हैं। यह हमला दोपहर बाद हुआ है। यह भी कहा जा रहा है कि श्रीजन बाबू को आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती कराया गया है।
जहां एक ओर सभी हमलावरों के मास्क की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पा रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस को आशंका है कि यह एक राजनीतिक हमला है। पुलिस के इस शक को और मजबूती दे रहा है सीपीएम का बयान। सीपीएम की तरफ से कार्यकर्ता पर हुए इस हमले के पीछे आरएसएस का हाथ होने की शंका जताई जा रही है।
केरल में आरएसएस और सीपीएम की दुश्मनी कोई नई बात नहीं है। इसी साल कुछ समय पहले एक आरएसएस कार्यकर्ता को सीपीएम के एक कार्यकर्ता ने मौत के घाट उतार दिया था। उस आरएसएस कार्यकर्ता पर सीपीएम के एक कार्यकर्ता की हत्या करने का आरोप था। माना जा रहा है कि सीपीएम के इस कार्यकर्ता पर बदले की भावना से यह हमला आरएसएस की तरफ से भी करवाया गया हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications