केरल के वायनाड में राहुल की हार सुनिश्चित करेंगे- सीपीएम
नई दिल्ली- यूपी की अमेठी के अलावा केरल के वायनाड लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ने का राहुल गांधी का फैसला वामपंथियों को रास नहीं आ रहा है। सीपीएम के पूर्व महासचिव और पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रकाश करात ने तो यहां तक कह दिया है कि अब उनकी पार्टी केरल में राहुल को हराने का काम करेगी। गौरतलब है कि बहुत दिनों के मंथन के बाद रविवार को कांग्रेस ने राहुल के वायनाड से भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

राहुल को हराएगी सीपीएम
वैसे तो सीपीएम की केंद्रीय नेताओं से लेकर केरल यूनिट तक के नेता राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सबसे तगड़ा हमला प्रकाश करात ने किया है। उन्होंने दो टूक कह दिया है कि, लेफ्ट के खिलाफ राहुल का मैदान में उतरने का मतलब साफ है कि कांग्रेस केरल में लेफ्ट को टारगेट कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि, "हम कांग्रेस के इस कदम का कड़ा विरोध करेंगे और वायनाड में राहुल गांधी की हार को सुनिश्चित करेंगे।" उन्होंने ये भी कहा कि वे लोग बीजेपी और कांग्रेस दोनों का डटकर मुकाबला करेंगे।
हम उनके खिलाफ लड़ेंगे- मुख्यमंत्री विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी वायनाड से राहुल के नाम की घोषणा से काफी आहत हैं। उन्होंने कहा कि 'हम उनके खिलाफ लड़ेंगे। उन्हें उस क्षेत्र से लड़ना चाहिए था, जहां से बीजेपी लड़ रही है, लेकिन यह लेफ्ट के खिलाफ लड़ाई के अलावा कुछ भी नहीं है।' हालांकि, सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने राहुल के खिलाफ कोई साफ लाइन लेने से परहेज करते हुए इस बारे में गोलमोल ही कहने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है कि, "हमारा मत बहुत स्पष्ट है, यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है, इससे यह फैसला होगा कि धर्मनिर्पेक्ष लोकतंत्र बचेगा या नहीं। बीजेपी को हटाना हमारी प्राथमिकता है। " उन्होंने ये भी कहा कि इसके जरिए कांग्रेस क्या संदेश देना चाहती है, उसे यह जनता को बताना होगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी की ओर से राहुल के वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से सियासी घमासान मचा हुआ है। जहां, कांग्रेस को लगता है कि उसने ऐसा करके मास्टरस्ट्रोक चल दिया है, वहीं बीजेपी यह साबित करने पर तुली है कि राहुल अमेठी में हारने के डर से एक सुरक्षित सीट की तलाश में वायनाड चले गए हैं। लेकिन, कांग्रेस की मुश्किल ये है कि फिलहाल वामपंथियों ने भी उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications