कोरोना: मसूरी-नैनीताल से लौटाई गईं 8,000 टूरिस्ट गाड़ियां, हिल स्टेशन पर जाने का है प्लान तो इसे पढ़ लीजिए
कोरोना: मसूरी-नैनीताल से लौटाई गईं 8,000 टूरिस्ट गाड़ियां, हिल स्टेशन पर जाने का है प्लान तो इसे पढ़ लीजिए
देहरादून, 13 जुलाई: कोरोना महामारी के दौरान हिल स्टेशनों पर बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की उमड़ी भीड़ उत्तराखंड सरकार और हिमाचल प्रदेश की सरकार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिल स्टेशनों पर बिना मास्क के घूमते हुए लोगों को लेकर चिंता जाहिर की है। सोशल मीडिया पर इन हिल स्टेशनों की तस्वीर वायरल हो रही है। इस पूरे मामले को लेकर अब उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सरकार सख्त हो गई है। मंगलवार को उत्तराखंड सरकार ने जानकारी दी है कि मसूरी और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों पर भीड़ कम करने के प्रयासों के तहत पिछले हफ्ते लगभग 8,000 टूरिस्ट गाड़ियां को वापस भेज दिया गया है।
Recommended Video

मसूरी-नैनीताल जाने से पहले जान लें ये जरूरी बात
उत्तराखंड के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नीलेश आनंद भराने ने कहा है कि बीते एक हफ्ते में हमने मसूरी और नैनीताल से लगभग 8 हजार पर्यटकों की गाड़ियों को वापस भेज दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमा पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। हमने पर्यटकों को बता दिया है कि अगर उत्तराखंड में आना है को कोरोना की आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए। उसके अलाना ट्रैवल करने से पहले होटल में प्री बुकिंग होनी चाहिए, जिसका ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना चाहिए।

अगर यात्रा से पहले नहीं किया होटल बुक तो भेजा जा सकता है वापस
उत्तराखंड के डीआईजी नीलेश आनंद भराने ने कहा कि केम्प्टी फॉल्स में नहाने वाली भारी भीड़ का वीडियो वायरल होने के बाद, उत्तराखंड सरकार ने पर्यटकों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। टूरिस्टों को निगेटिव कोविड-19 की रिपोट लाने और ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेश करने का नोटिस जारी किया गया है।
डीआईजी नीलेश आनंद भराने ने कहा, "पर्यटकों को यह भी बताया गया कि अगर उन्होंने अपनी यात्रा से पहले होटल बुक नहीं किए हैं, तो उन्हें वापस भेजा जा सकता है। राज्य की सीमा पर चौकियां और चेक पोस्ट लगाई गई हैं और मसूरी और नैनीताल से लगभग 4,000 वाहन वापस भेजे गए हैं।"

नैनीताल में बीते हफ्ते 35 हजार और मसूरी में 32 हजार लोग आए थे घूमने
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक नैनीताल में बीते हफ्ते 35,425 टूरिस्ट घूमने आए थे। वहीं मसूरी और उसके आसपास इलाकों में 32,000 से अधिक लोग ट्रैवल के लिए आए थे। इनमें से 32,900 पर्यटकों को नैनीताल में और 20,000 को मसूरी में प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी। जबकि अन्य लोगों को अलग-अलग कारण से वापस लौटा दिया गया था।
बता दें कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली है। भीड़ से खचाखच भरी कई जगहों के वीडियो और तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई हैं, जिसमें कई को बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के बिना देखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications