COVID 19: राहुल गांधी का तंज,कहा- 'सिस्टम फेल,मन की बात नहीं जन की बात जरूरी'
नई दिल्ली, 25 अप्रैल। देश इस वक्त कोरोना का दंश झेल रहा है, बढ़ते कोरोना मरीजों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गई हैं, ऐसे में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर तंज कस रहे हैं। उन्होंने अपने ताजा ट्वीट में कहा है कि 'सिस्टम फेल है इसलिए ये जन की बात करना जरूरी है, इस संकट में देश को ज़िम्मेदार नागरिकों की ज़रूरत है। अपने कांग्रेस साथियों से मेरा अनुरोध है कि सारे राजनैतिक काम छोड़कर सिर्फ जन सहायता करें, हर तरह से देशवासियों का दुख दूर करें। कांग्रेस परिवार का यही धर्म है।'
Recommended Video

बता दें कि राहुल गांधी ने ये तंज पीएम मोदी के 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम पर कसा है क्योंकि पीएम मोदी ने आज कार्यक्रम का 76वां संस्करण संबोधित किया था। इससे पहले भी अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा था कि 'सद्भाव से केंद्र सरकार से अपील है कि PR व अनावश्यक प्रॉजेक्ट पर खर्च करने की बजाए वैक्सीन, ऑक्सीजन व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान दें। आने वाले दिनों में ये संकट और भी गहरायेगा। इससे निबटने के लिए देश को तैयार करना होगा। वर्तमान दुर्दशा असहनीय है!'

यही नहीं उन्होंने ट्वीट किया था कि 'घर पर क्वॉरंटीन हूं और लगातार दुखद समाचार आ रहे हैं। भारत में संकट सिर्फ़ कोरोना नहीं, केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां हैं। झूठे उत्सव व खोखले भाषण नहीं, देश को समाधान दो!'
देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है, क्या आम और क्या खास सभी इसके चपेट में हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 3,49,691 नए केस सामने आए हैं, जो कि एक दिन के हिसाब से बहुत ज्यादा आंकड़े हैं। नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,69,60,172 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 2,767 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,92,311 पहुंच गया है।

भारत में अब एक्टिव केस 26,82,751 हैं, जबकि 1,40,85,110 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं, तो वहीं देश में अब तक 14,09,16,417 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। बीते 24 घंटों में 25,36,612 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications