कोविड-19 से बचने की कोशिश, कश्मीर में 31 मई तक स्कूल कॉलेज बंद, गोवा में कई प्रतिबंध
कोरोना संक्रमण को देखते हुए जम्मू-कश्मीर और गोवा में कई तरह के प्रतिबंधों का ऐलान किया गया है।
नई दिल्ली, मई 02: कोरोना वायरस ने भारत में कोहराम मचा रखा है, खासकर राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की स्थिति खराब है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते अप्रैल के महीने में ही देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कुल 66 लाख से ज्यादा नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। ऐसे में अलग अलग राज्य अपने अपने हिसाब से कोविड के मामलों को देखते हुए प्रतिबंधों का ऐलान कर रहे हैं।

कश्मीर में स्कूल-कॉलेज बंद
कश्मीर में कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूल, कॉलेज समेत तमाम शिक्षण संस्थान 31 मई तक बंद करने का फैसला लिया है। जम्मू कश्मीर में हर दिन 3 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं और हर दिन 20 से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो गई है। जिसके बाद कोरोना को काबू में करने के लिए प्रशासन ने 31 मई तक सभी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी समेत तमाम शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला किया है।

गोवा में प्रतिबंध
गोवा में कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए गोवा सरकार ने प्रदेश में कई तरह के प्रतिबंधों का ऐलान किया है। गोवा सरकार ने 3 मई सुबह 7 बजे से 10 मई तक कई तरह का प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान गोवा में तमाम कैसिनो, बियर बार, स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स, क्रूज, जिम, स्कूल, कॉलेज और वीकली बाजारों को बंद रखने का फैसला किया है। गोवा सरकार के गाइडलाइंस के मुताबकि 10 मई तक के लिए फिलहाल तमाम तरह के प्रतिबंध लगाए गये हैं।

कोरोना से देश की स्थिति
भारत में कोरोना वायरस की दूसरी का प्रकोप जारी है। रविवार (02 मई) को भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3,92,488 मामले सामने आए हैं। बीते 24 घंटे में 3,689 लोगों की मौत हुई है और 3,07,865 मरीज कोरोना से रिकवर हुए हैं। भारत में अब तक कोरोना वायरस से 2,15,542 लोगों की मौत हो गई है। देश में एक्टिव कोविड-19 मरीजों की संख्या 33,49,644 है। वहीं डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,59,92,271 है। देश में कुल संक्रमित मामलों की संख्या 1,95,57,457 हो गई है।

भारत में वैक्सीनेशन
भारत में अब तक 15,68,16,031 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई है। वहीं बीते 24 घंटे में 18,26,219 लोगों को टीका लगा है। देश में 16 जनवरी को वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ था। 01 मई से 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीनेट किया जा रहा है। हालांकि कई राज्यों में वैक्सीन की कमी की वजह से 18+ वालों को फिलहाल वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications