Covid-19: इजरायल ने भारत सहित 7 देशों में अपने नागरिकों के यात्रा करने पर लगाया बैन
इजरायल सरकार ने यह फैसला 3 मई से 16 मई तक के लिए लागू किया है।
नई दिल्ली, 2 मई: कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश में इस समय जबरदस्त कोहराम मचाया हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते अप्रैल के महीने में ही देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कुल 66 लाख से ज्यादा नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इस बीच लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इजरायल ने भारत सहित 7 देशों में अपने नागरिकों के यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। शुक्रवार को इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से एक संयुक्त बयान जारी करते हुए इस बात की जानकारी दी गई।

इजरायल सरकार ने अपने बयान में कहा कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इजरायली नागरिकों के यूक्रेन, ब्राजील, इथियोपिया, साउथ अफ्रीका, मेक्सिको, तुर्की और भारत में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है। इजरायल सरकार ने यह फैसला 3 मई से 16 मई तक के लिए लागू किया है। हालांकि गैर-इजरायली नागरिकों के इन देशों की यात्रा करने पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट
आपको बता दें कि रविवार को देशभर में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट देखने को मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के 3,92,488 नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, इस दौरान 3689 मरीजों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन के भीतर कोरोना वायरस के 3,07,865 मरीज ठीक भी हुए हैं। नए मरीज मिलने के बाद देश में एक्टिव केस बढ़कर 33,49,644 हो गए हैं। वहीं, देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस की कुल 15,68,16,031 डोज दी जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications