जानिए बूस्टर डोज के लिए कौन है योग्य, कब और कैसे लग सकती है वैक्सीन, पढ़िए पूरी गाइडलाइन
नई दिल्ली, 10 जनवरी। आज से भारत में कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज की शुरुआत हो रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर को भारत में बूस्टर डोज और 15 साल से 18 साल के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन का ऐलान किया था। बच्चों को वैक्सीन लगने का काम 3 जनवरी से शुरू हो चुका है जबकि आज से बूस्टर डोज की शुरुआत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज से शुरू हो रहे बूस्टर डोज के लिए पहले ही एक करोड़ से अधिक लोगों को रिमाइंडर मैसेज भेज दिया है। दरअसल कई देशों में पहले ही बूस्टर डोज की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में भारत में भी इसकी लगातार मांग उठ रही थी।

कौन लगवा सकता है बूस्टर डोज
बूस्टर डोज फिलहाल तीन श्रेणी के लोगों को लगाई जाएगी। पहली श्रेणी में वरिष्ठ नागरिक आएंगे। जो बुजुर्ग 60 साल से अधिक उम्र के हैं और 9 महीने पहले वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा चुके हैं उन्हें बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसके अलावा जो फ्रंटलाइन वर्कर हैं जिसमे चुनाव में शामिल अधिकारी और कर्मचारी भी हैं उन्हें बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसके अलावा स्थास्थ्यकर्मियों को भी बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसके साथ ही जो वरिष्ठ नागरिक मधुमेह, हाइपरटेंशन या किसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे हैं वह अपने डॉक्टर की सलाह पर तीसरी डोज लगवा सकते हैं।
कितने लोग योग्य
देश में 5.75 करोड़ लोग फिलहाल बूस्टर डोज के योग्य हैं। देश में 2.75 करोड़ लोग ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 साल से अधिक हैं और वैक्सीन की तीसरी डोज के लिए योग्य हैं। वहीं एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों और 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स भी वैक्सीन की तीसरी डोज के योग्य हैं।
रजिस्ट्रेशन
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि तीसरी डोज के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की कोई जरूरत नहीं है। जो लोग तीसरी डोज के लिए योग्य हैं वह सीधे वैक्सीनेशन सेंटर पर जा सकते हैं और वॉक इन अप्वांटमेंट लेकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। फिलहाल 18 साल से अधिक लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications