तस्करी का नया तरीका, गिफ्ट में हेरोइन छिपाकर अफ्रीका से दिल्ली किया कुरियर, कस्टम ने पकड़ा
नई दिल्ली, 4 जुलाई: देश के युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है। इसका कारण ड्रग्स की सप्लाई तेजी से बढ़ना है। हालांकि इस पर लगाम लगाने की तमाम कोशिशें की जा रही हैं। जिस वजह से तस्कर अब ड्रग्स को देश में लाने के लिए नए-नए तरीके खोज रहे हैं। ताजा मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां एयरपोर्ट पर कस्टम ने भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की, लेकिन जिस तरह से वो देश के अंदर भेजे गए, उसे देखकर अधिकारी भी हैरान हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम के मुताबिक वहां के न्यू कुरियर टर्मिनल पर एक कुरियर पार्सल पहुंचा, जिसमें कुछ गिफ्ट के आइटम थे। साथ ही उस पर दिल्ली एनसीआर का डिलिवरी एड्रेस डाला गया था और वो अफ्रीका से आया था। शक होने पर कस्टम के अधिकारियों ने पार्सल को खोला। ऊपर से देखने पर वो सामान्य गिफ्ट लग रहा था, लेकिन जब उसकी बारीकी से जांच की गई तो उसमें भारी मात्रा में हेरोइन पाउडर मिला। ड्रग्स को जब्त करके दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। साथ ही उस एड्रेस का पता लगाया जा रहा है, जहां के लिए ये पार्सल बुक था।
मुंबई में मिली 300 करोड़ की ड्रग्स
महाराष्ट्र में भी कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है, जहां 300 करोड़ की ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक नवी मुंबई के उरण स्थित जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट पर ये ड्रग्स रखी हुई थी। खबर मिलते ही कस्टम ने वहां पर छापेमारी की और 290 किलो हेरोइन बरामद किया। इस साल पकड़ी गई हेरोइन की ये सबसे ज्यादा मात्रा है। पिछले साल इसी तरह से DRI ने 191 किलो हेरोइन जब्त की थी, उस दौरान अधिकारियों को बेवकूफ बनाने के लिए उसे आयुर्वेदिक दवाएं बता दिया गया था, लेकिन बाद में उसकी पोल खुल गई।












Click it and Unblock the Notifications