संसद में नोटबंदी पर जेटली ने की शरद यादव की बोलती बंद
राज्यसभा में जेडीयू सांसद शरद यादव नोटबंदी के फैसले को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वहीं जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस फैसले के समर्थन में हैं।
नई दिल्ली। नोटबंदी के मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस बीच बुधवार को राज्यसभा में वित्त मंत्री अरुण जेटली और जेडीयू नेता शरद यादव के बीच हल्की फुल्की नोंक-झोंक हो गई।

राज्यसभा में नोटबंदी और नगरोटा आतंकी हमले को लेकर हंगामा मच रहा था। इसी दौरान शरद यादव ने नोटबंदी को लेकर जैसे ही कुछ कहना चाहा, वित्त मंत्री अरुण जेटली ने उन्हें टोक दिया।
अरुण जेटली ने शरद यादव को टोकते हुए कहा कि नोटबंदी की चर्चा पहले आप अपनी पार्टी में कर लीजिए कि वो आपसे सहमत हैं कि नहीं। इस पर शरद यादव ने कहा कि हम नोटबंदी के खिलाफ नहीं हैं लेकिन सरकार की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
शरद यादव ने अरुण जेटली को जवाब देते हुए कहा कि आप मेरी पार्टी की बात कर रहे हैं, क्या आपके साथ प्रधानमंत्री हैं? आपकी बात कोई मान भी रहा है? संसद में इस नोंक-झोंक पर ठहाके भी लगे।
आपको बता दें कि जहां राज्यसभा में जेडीयू सांसद शरद यादव नोटबंदी के फैसले को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वहीं जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस फैसले के समर्थन में हैं।
नीतीश ने नोटबंदी के फैसले की सराहना करते हुए कहा था कि भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ केंद्र की सरकार जो भी कदम उठाएगी, बिहार सरकार उसका समर्थन करेगी।
गौरतलब है कि 16 नवंबर से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में नोटबंदी पर चल रहे विपक्ष के हंगामे के कारण एक भी दिन कार्यवाही ठीक से नहीं चल पाई है।












Click it and Unblock the Notifications