Coronavirus के खिलाफ जंग में विक्की कौशल ने दान किए 1 करोड़ रुपए
मुंबई। फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के लिए अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके एक्टर विक्की कौशल ने कोरोना से चल रही जंग में मदद का हाथ बढ़ाया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमरजेंसी फंड का ऐलान किया था। विक्की कौशल ने पीएम केयर्स फंड में 1 करोड़ की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी खुद विक्की कौशल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दी है। विक्की ने कहा- 'एक तरफ मैं जहां अपनों के साथ घर पर हूं लेकिन कई लोग ऐसे हैं जो इतने खुशकिस्मत नहीं हैं। ऐसे सकंट के समय में मैं पीएम केयर्स फंड में और महाराष्ट्र चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड के लिए 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि देता हूं।'

मिलकर जीतेंगे कोरोना से जंग
विक्की ने आगे कहा कि 'हम सब इसमें एक साथ है और मिलकर इसे जीतेंगे।' विक्की ने इसकी जानकारी एक पोस्ट के जरिए दी। जिसके बाद उनके फैंस कमेंट में उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। आपको बता दें कि बॉलीवुड से अबतक कई एक्टर्स ने पीएम फंड में सहायता राशि दान की है।
बॉलीवुड के कई सितारे दे रहे हैं दान
बॉलीवुड के कई सितारें लगातार कोरोना वायरस की इस जंग में अपना सहयोग दे रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में रहकर भी भारत में चल रहे कोरोना वायरस के भयानक दौर को रोकने में अपनी मदद के हाथ बढ़ाए हैं। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर PM-Cares फंड में डोनेट किया है। हालांकि प्रियंका ने कितनी रकम दी है, इस बात की घोषणा उन्होंने नहीं की है।

भारत में कोरोना के अबतक 1251 केस
कोरोना वायरस का प्रकोप भारत में भी बढ़ता जा रहा है। देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और यह आंकड़ा 1251 पर पहुंच गया है। इस खतरनाक कोविड-19 महामारी से अब तक देशभर में जहां 32 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 102 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। देश में कोरोना वायरस के कुल 1251 मामलों में से 1117 केस एक्टिव हैं। देश में कोरोना वायरस से पीड़ित 49 विदेशी भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications