खतरे की घंटी! 24 घंटों में मिले Coronavirus के 4435 नए मरीज, एक्टिव केस 23000 के पार
Coronavirus cases today: कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने कहा है कि फिलहाल लोगों को घबराने की बजाय एहतियात बरतनी चाहिए।

Coronavirus cases in India: मंगलवार को कोरोना वायरस के मामलो में दिखी गिरावट के बाद बुधवार को मरीजों की संख्या में एक बड़ा इजाफा हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 4435 नए मामले सामने आए हैं। इससे एक दिन पहले, मंगलवार को कोरोना वायरस के दैनिक मरीजों का आंकड़ा 3038 था और इस तरह से एक दिन के भीतर संक्रमण के मामलों में ये सीधे 46 फीसदी का इजाफा है।
कोरोना के एक्टिव मामले हुए 23091
इन नए मरीजों के साथ ही देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 23091 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के नए आंकड़ों के बाद देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 44,733,719 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का रिकवरी रिट फिलहाल 98.76 फीसदी है। केंद्र की तरफ से भी कहा गया है कि कोरोना वायरस के हालात को लेकर सरकार पूरी तरह से अलर्ट है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
दी जा चुकी हैं वैक्सीन की 220 करोड़ से ज्यादा खुराक
कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण की अगर बात करें तो अभी तक देशभर में कोविड वैक्सीन की 220 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वैक्सीन लेने वाले लोगों की संख्या 1979 है।
Recommended Video
किन राज्यों में बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले कुछ दिनों के दौरान कई राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ा है। सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मरीजों में एक दिन के भीतर 186 फीसदी का उछाल देखने को मिला। महाराष्ट्र में जहां कोरोना वायरस के 711 नए केस मिले, वहीं दूसरे नंबर पर दिल्ली रहा। दिल्ली में सोमवार को 521 नए कोविड संक्रमित मरीज मिले।












Click it and Unblock the Notifications