कोरोना वायरस: प्लाज़्मा डोनर सुमिती की कहानी, उन्हीं की ज़ुबानी

SUMITI SINGH

प्लाज़्मा थेरेपी से कोरोना के गंभीर मरीज़ों के भी ठीक होने की उम्मीद जगी है. इस थेरेपी के अबतक के ट्रायल के कुछ नतीजे भी अच्छे आए हैं.

सरकार सभी ठीक हुए मरीज़ों से प्लाज़्मा डोनेट करने की अपील कर रहा है. लेकिन कई वजहों से लोग सामने नहीं आ रहे हैं.

ऐसे में गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली सुमिती सिंह जैसे कुछ लोग इसके लिए दूसरों को प्रोरित कर रहे हैं.

इलाज के बाद कोरोना वायरस को हराने वाली सुमिती ने अब दूसरे मरीज़ों को बचाने के लिए अपना प्लाज़्मा डोनेट किया है.

दरअसल फ़िनलैंड से लौटने के बाद सुमिती को बुख़ार हुआ और फिर हल्की खांसी और चेस्ट में टाइटनेस की शिकायत. उनमें कोरोना के हल्के लक्षण थे.

कोरोना वायरस: 'प्लाज़्मा थेरेपी' क्या है और इससे इलाज में दिक़्क़त क्या है?- पढ़िए विस्तार से

18 मार्च को उन्हें अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में भर्ती कर लिया गया और 29 मार्च को इलाज के बाद वो ठीक हो गईं. उन्हें ऑक्सीजन और वेंटिलेटर पर जाने की ज़रूरत नहीं पड़ी. अहमदाबाद में कोरोना को हराकर ठीक होने वाली वो पहली मरीज़ थीं.

सुमिती ने 500 एमएल प्लाज़्मा डोनेट किया

डॉक्टर्स ने दूर की आशंकाएं

उस वक्त प्लाज़्मा थेरेपी को लेकर इतनी चर्चा नहीं थी और ना ही इसके ट्रायल शुरू हुए थे. लेकिन ठीक होने पर 14 दिन के बाद जब सुमिती फॉलो-अप चेकअप के किए दोबारा अस्पताल आईं, तो उन्हें डॉक्टरों ने बताया कि वो चाहें तो दूसरे कोरोना मरीज़ों की मदद के लिए प्लाज़्मा डोनेट कर सकती हैं.

सुमिती दूसरे मरीज़ों और इस जंग को लड़ रहे डॉक्टर्स की मदद करना चाहती थीं, लेकिन उनके और उनके परिवार के मन में कई तरह की आशंकाएं भी थी. ठीक वैसी ही आशंकाएं जो कोरोना से ठीक हुए दूसरे लोगों के मन में आ रही हैं.

प्लाज़्मा में एंटीबॉडी होती है तो कहीं डोनेशन के बाद उनका एंटीबॉडी तो कम नहीं हो जाएगा? डोनेशन का प्रोसेस कहीं जटिल या पेनफुल तो नहीं होगा? निडल से कोई इन्फ़ेक्शन तो नहीं हो जाएगा?

लेकिन डॉक्टर्स ने सुमिती के सभी सवालों का जवाब दिया. उन्हें बताया कि शरीर बहुत-से एंटीबॉडी बनाता है और डोनेशन में ठीक हुए व्यक्ति से सिर्फ उनके एंटीबॉडी का छोटा सा हिस्सा लिया जाता है और ये बहुत कम वक्त में हो जाता है.

ये बिल्कुल वैसा ही प्रोसेस है जैसे ब्लड डोनेशन के वक्त होता है और इस दौरान डिस्पोज़ेबल निडल और ट्यूब का इस्तेमाल होता है. जो हर व्यक्ति के लिए नया लिया जाता है.

डॉक्टर्स ने बताया कि कोरोना से ठीक हुए जिस भी व्यक्ति को पहले से कोई और बीमारी नहीं है और उसके शरीर में एंटीबॉडी है तो वो प्लाज़्मा डोनेट कर सकता है. व्यक्ति ये अपनी इच्छा से कर सकता है, उसपर कोई दबाव नहीं होता.

500 एमएल प्लाज़्मा डोनेट किया

प्लाज़्मा
Reuters
प्लाज़्मा

अपने सारे सवालों के जवाब मिलने के बाद सुमिती की सारी आशंकाएं दूर हो गईं और उन्होंने फ़ैसला किया कि अपना फर्ज़ निभाते हुए वो दूसरे लोगों की ज़िंदगी बचाने की कोशिश में अपना प्लाज़्मा डोनेट करेंगी.

फिर क्या था. सुमिती डोनेशन के लिए पहुंच गईं. जहां प्लाज़्मा डोनेशन का प्रोसेस होता है वो हिस्सा कोरोना मरीज़ों के वार्ड से एकदम अलग होता है.

सुमिती बताती हैं कि उन्हें पूरी प्रोसेस में 30 से 40 मिनट का वक्त लगा और उनका 500 एमएल प्लाज़्मा लिया गया.

इससे पहले सुमिती ने कभी ब्लड डोनेशन नहीं किया था. उनके लिए ये सब नया था. लेकिन वो कहती हैं कि सबकुछ बहुत आसानी से हो गया. कुछ मिनटों के लिए बीच में थोड़ी घबराहट और सरदर्द ज़रूर हुआ था.

लेकिन डॉक्टर्स की मदद से वो ठीक हो गया. डॉक्टर्स के मुताबिक़ इसमें कोई घबराने की बात नहीं हैं, क्योंकि ब्लड डोनेशन के वक्त भी ऐसा थोड़ी देर के लिए लगता है.

आसान प्रोसेस

सुमिती बताती हैं कि पहले उनका एक ब्लड टेस्ट हुआ, जिससे देखा गया कि उनके शरीर में एंटबॉडी है या नहीं, उनका हिमोग्लोबिन कितना है, एचआईवी और हेपेटाइटिस जैसी कोई बीमारी तो नहीं.

सब चीज़ें ठीक मिलने के बाद उन्हें प्लाज़्मा डोनेट करना था. वो बताती हैं कि उन्हें बस एक सूई लगने भर का दर्द हुआ.

उनके शरीर से जो खून निकल रहा था, उसकी ट्यूब एक मशीन में जा रही थी. वो मशीन प्लाज़्मा (पीले रंग का) और खून को अलग कर देती थी. उसके बाद खून को वापस उनके शरीर में भेज दिया जाता था.

किसे मिला सुमिती का प्लाज़्मा

सुमिती ने 21 अप्रैल को प्लाज़्मा डोनेट किया था. डॉक्टर्स ने उन्हें बताया कि उनका प्लाज़्मा दो दिन पहले ही एक मरीज़ को दिया गया है. जिसके बाद मरीज़ की हालत अब स्थिर है. मरीज़ा को इससे कितना ज़्यादा फायदा मिला है, अभी इसका पता चलने में थोड़ा वक्त और लगेगा.

कोई भी दान कर सकता है प्लाज़्मा

कोरोना
Getty Images
कोरोना

कोरोना से ठीक हुए किसी भी व्यक्ति में अगर एंटीबॉडी मिलती है, अब कोई दवाई नहीं चल रही है, कोई और बीमारी नहीं है तो वो प्लाज़्मा डोनेट करने के लिए आगे आ सकता है.

सुमिती कहती हैं, "कोरोना पेशेंट को 10 से 20 दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता हैं. इस दौरान हर दो या तीन दिन में ब्लड टेस्ट लिया जाता है या स्वाब टेस्ट होते हैं. ये सभी बहुत अनकंफर्टेबल होता है. कोई भी नहीं चाहता कि प्रिक लगे और कोई इसे इंज्वाय नहीं करता. लेकिन जब आप अस्पताल से बाहर आ जाते हैं तो आपको लगता है कि बस अब ये सब ख़त्म हो गया. लेकिन जब कोई कहता है कि आपको प्लाज़्मा देना है तो आप सोचने लगते हैं कि फिर से उन सब चीज़ों से गुज़रना होगा."

"मैं यही कहूंगी कि प्रोसेस इतना पेनफुल नहीं होता. अगर आप इतना कर ही चुके हैं तो किसी और की ज़िंदगी के लिए एक बार और करने में कुछ नहीं जाएगा. हम लकी थे कि हम बच गए. लेकिन अब हमारे पास दूसरों की जान बचाने का एक मौक़ा है."

सुमिती के घर में उनके माता-पिता और एक बहन हैं. सुमिती इस बात का शुक्र जताती हैं कि उनसे उनके घर वालों को वायरस ट्रांसफर नहीं हुआ था.

सुमिती अब स्वस्थ्य हैं और घर पर हैं. लेकिन अब भी दूसरे की तरह ही पूरी सावधानी ले रही हैं.

क्योंकि डब्ल्यूएचओ ने भी कहा है कि इस बात के कोई सबूत नहीं मिले हैं कि एंटीबॉडी डेवलप हो जाने के बाद किसी को दोबारा कोरोना नहीं हो सकता.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+