वैक्सीन सर्टिफिकेट की तरह CoWIN से जुड़ेगी RT-PCR जांच रिपोर्ट
नई दिल्ली, 29 अगस्त: देश में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान तो जारी है, लेकिन अभी भी लोगों पर संक्रमण का खतरा बना हुआ है। जिस वजह से सरकार अब टेस्टिंग के साथ यात्रा नियमों को ज्यादा आसान बनाने पर फोकस कर रही है। रविवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के प्रमुख आरएस शर्मा ने कहा कि कई राज्यों और देशों ने यात्रियों के लिए RT-PCR जांच अनिवार्य कर रखी है। ऐसे में सरकार जल्द ही इसकी रिपोर्ट को CoWIN से जोड़ेगी।

मौजूदा वक्त में नागिरकों का वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट पोर्टल से जुड़ा गया है, जिससे लोगों को एक राज्य से दूसरे राज्य और विदेश यात्रा करने में आसानी हो रही है। शर्मा के मुताबिक अब उनका मकसद जल्द ही टेस्ट रिपोर्ट को भी उससे जोड़ना है, ताकि यात्रियों को ज्यादा सहूलियत मिल सके। इसके लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के साथ काम किया जा रहा है। जिस तरह अभी मोबाइल नंबर डालने पर आसानी से वैक्सीन सर्टिफिकेट आ जाता है, उसी तरह RT-PCR रिपोर्ट भी आ जाया करेगी।
आपको बता दें कि अधिकांश देशों की यात्रा के लिए प्रस्थान से 48 घंटे के अंदर आरटी-पीसीआर परीक्षण करने का नियम है। हालांकि, कई देशों ने अभी तक CoWIN को वैक्सीन पासपोर्ट के रूप में मंजूरी नहीं दी है। इस पर शर्मा ने कहा कि बहुपक्षीय समझौते के शुरुआती प्रयास थे कि हर देश के डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र को डिजिटल पासपोर्ट के रूप में स्वीकार किया जाएगा, लेकिन ये कारगर नहीं हुआ। अब ये द्विपक्षीय आधार पर हो गया है। जिसमें आपके देश का पासपोर्ट कोई अन्य देश स्वीकार करता है, बदले में आप उसका स्वीकार करते हैं। वैसे भारत ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत से ही अपने टीकाकरण प्रमाणपत्रों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ जोड़ दिया था।
शर्मा ने कहा कि सर्टिफिकेट को क्यूआर कोड एन्क्रिप्ट किया गया है, इसलिए पासपोर्ट पर जो जानकारी आवश्यक है, वो वास्तव में डिजिटल वैक्सीन सर्टिफिकेट पर होती है। अब सभी सूचनाओं का एक पैकेट बनाया गया है, ये पैकेट विदेश मंत्रालय को दिया जाता है। जिसमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय भी सहयोग कर रहा है। फिलहाल कुछ यूरोपीय राज्य जुलाई में भारत में निर्मित टीकों को स्वीकार करने पर सहमत हुए। जिसमें ऑस्ट्रिया, जर्मनी, स्लोवेनिया, ग्रीस, आइसलैंड, आयरलैंड, एस्टोनिया और स्पेन शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications