कोरोना वायरस के वैक्सीनेशन से नहीं हुई कोई मौत, सामने नहीं आया कोई दुष्प्रभाव: स्वास्थ्य मंत्रालय
नई दिल्ली। देश में कोरोना वैक्सीनेशन का आज 29वां दिन है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना टीके की दूसरी खुराक देनी शुरू कर दी गई है। स्वास्थय मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है कि जिन स्वास्थ्यकर्मी ने 28 दिन पहले कोरोना टीके की पहली खुराक ली थी उन्हें दूसरी खुराक दी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार टीकाकरण के बाद अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और पिछले 24 घंटे में तीन लोगों की मौत हुई है। हालांकि मंत्रालय इसकी वजह अन्य कारणों को बताया है। मंत्रालय का कहना है कि वैक्सीन से गंभीर दुष्प्रभाव का कोई मामला अब तक सामने नहीं आया है और वैक्सीन की वजह से किसी की मौत भी नहीं हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटे में 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना वायरस से कोई मौत नहीं हुई है। मंत्रालय की तरफ से कहा कि बीते 24 घंटे के दौरान तेलंगाना, ओड़िशा, झारखंड, पुडुचेरी, चंडीगढ़, नगालैंड, असम, मणिपुर, सिक्किम, मेघालय, लद्दाख, मिजोरम, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, त्रिपुरा, लक्षद्वीप, अरूणाचल प्रदेश और दमन एवं दीव तथा दादर एवं नागर हवेली में कोविड-19 से किसी की जान नहीं गयी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शाम 6 बजे तक कुल 80,52,454 लोगों को कोविड वैक्सीन का टीका लगाया गया है। इनमें से 59,35,275 डोज स्वास्थ्यकर्मियों को लगाए गए हैं। अब तक 21,17,179 फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोविड वैक्सीन का पहला डोज दिया गया है।
दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में दूसरी खुराक मिलनी शुरू हुई और दोपहर तक 20 से अधिक लोगों को दूसरी खुराक मिल चुकी थी। गौरतलब है कि देश भर में 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था और पहले दिन देश भर के 81 केन्द्रों में 4,319 (53 प्रतिशत) स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया था जबकि लक्ष्य 8,117 लोगों के टीकाकरण का था।












Click it and Unblock the Notifications