Coronavirus: विदेशी यात्रियों के लिए गाइडलाइंस जारी, जानें अब तक किस राज्य में क्या-क्या हुई सख्ती?
कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर भारत अलर्ट हो गया है। यही वजह है कि केंद्र सरकार की तरफ से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नई गाइडलाइंस भी जारी कर दी गई है।

Recommended Video
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण ने विकराल रूप धारण कर लिया है। जिसके चलते यहां पर मौतों की संख्या हर दिन बढ़ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में चीन में हर दिन 10 लाख केस आ सकते हैं, वहीं हर रोज 5000 से ज्यादा मौते हो सकती हैं। चीन में कोरोना के कहर को देखते हुए भारत भी अलर्ट मोड में आ गया है। इसी मद्देनजर पीएम मोदी ने भी गुरुवार को आपात बैठक बुलाई थी। साथ ही देश में विदेशी यात्रियों के लिए भी नई गाइडलाइंस जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक एयरपोर्ट्स पर हर फ्लाइट्स में 2 प्रतिशत की टेस्टिंग की जाएंगी। इस दौरान जो सैंपल्स पॉजिटिव मिलेंगे, उन्हें जिनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजा जाएगा। कोरोना को लेकर राज्य भी अलर्ट हो गए हैं। साथ ही कई राज्यों ने बचाव के लिए गाइडलाइंस भी जारी कर दी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आपके राज्य में कोरोना को लेकर क्या गाइडलाइंस है?
दिल्ली क्या गाइडलाइंस?
कोरोना को लेकर दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने आपात बैठक बुलाई थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है। हम इससे लड़ाई के लिए तैयार हैं। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने लोगों से बूस्टर डोज लगवाने की बात की। साथ ही उन्होंने कहा कि हम 36000 कोविड बेड की क्षमता बढ़ाने में जुटे हैं। हालांकि राज्य में कोरोना को लेकर गाइडलाइंस नहीं जारी की गई है।
यूपी में पब्लिक प्लेस में मास्क हुआ अनिवार्य
उत्तर प्रदेश में पब्लिक प्लेस में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। यह फैसला गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से कोरोना समीक्षा बैठक में लिया गया। समीक्षा बैठक में नए केस की जीनोम सिक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा लोगों से बूस्टर डोज लगवाने की भी अपील की गई है।
उत्तराखंड में हर जिले में कंट्रोल रूम एक्टिव करने के निर्देश
कोरोना से लड़ाई को लेकर उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई है। प्रदेश में सभी जिलों के कंट्रोल रूम को फिर से एक्टिव करने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए नए पॉजिटिव केसेस की जिनोम सिक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया गया है। लोगों से वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाने की भी अपील की गई है।
कर्नाटक में मास्क अनिवार्य
दक्षिण राज्य कर्नाटक में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। कोरोना समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने निर्देश दिया कि सरकार राज्य में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण वाले सभी मरीजों का कोविड टेस्ट करेगी। इसके अलावा राज्य में हर दिन 4000 सैंपल्स की जांच और नए केसेस की जिनोम सिक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया गया है।
केरल और महाराष्ट्र सरकार भी हुई अलर्ट
कोरोना से बचाव को लेकर केरल और महाराष्ट्र सरकार भी अलर्ट हो गई है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। हालांकि उन्होंने लोगों से एहतियात भी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में नए केसेस की जिनोम सिक्वेंसिंग कराई जाएगी। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है।
पंजाब सरकार भी हुई अलर्ट
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव को लेकर पंजाब की मान सरकार भी अलर्ट हो गई है। राज्य में लोगों से बूस्टर डोज लगवाने की अपील की गई है। साथ ही नए पॉजिटिव केसों की जिनोम सिक्वेंसिंग की जांच का निर्देश दिया गया है।
जानें ओडिशा में क्या है गाइडलाइंस?
कोरोना से लड़ाई को लेकर ओडिशा की पटनायक सरकार भी अलर्ट हो गई है। यहां पर भी कोरोना से संक्रमित नए मरीजों के जिनोम सिक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है। आपको बता दें कि ओडिशा में 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप भी होगा।
ये भी पढ़ें- 'डरने की जरूरत नहीं, हम तैयार हैं', कोरोना समीक्षा की आपात बैठक के बाद बोले CM केजरीवाल












Click it and Unblock the Notifications