Coronavirus: ताजमहल समेत सभी स्मारक 31 मार्च तक किए गए बंद
नई दिल्ली। दुनिया के 137 से भी ज्यादा देश कोरोना वायरस (COVID-19) का कहर झेल रहे हैं। एशियाई देशों के अलावा यूरोपीय देशों में भी कोरोना वायरस ने लोगों की जान ली है। दुनिया भर में इस वायरस के कारण अबतक 7000 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि इससे संक्रमित होने वालों की संख्या 1 लाख 65 हजार से भी अधिक हो चुकी है। भारत में भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, इसके संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने देशभर के स्मारकों, पुरातत्व स्थलों और संग्रहालयों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।

आगरा में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, महताब बाग समेत स्मारक बंद करने के आदेश दे दिए हैं। वहीं, प्रमुख स्मारकों में हुमायूं का मकबरा, कुतुब मीनार, अजंता एलोरा की गुफाओं समेत 200 से ज्यादा ऐतिहासिक इमारतों को बंद करने का आदेश दे दिया है। उज्जैन के महाकाल मंदिर में मंदिर प्रशासन ने कोरोना वायरस के चलते आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पाबंदी लगाई है।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर को अगले आदेश तक बंद किया गया है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए नागपुर में प्रशासन ने शहर में धारा 144 लागू किया है। कोरोना के खतरे को देखते हुए गोवा में वन्य जीव अभयारण्य को बंद करने का आदेश भी दे दिया गया है। हिमाचल प्रदेश में धार्मिंक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।
कोरोना वायरस के भारत में सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। देश में इस महामारी से दो लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक में एक मौत हुई है जबकि दूसरी मौत दिल्ली में हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कर्नाटक में कोरोना के दो नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 10 हो गई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।












Click it and Unblock the Notifications