Corornavirus: सिंगापुर रवाना होने से पहले दिया था सैंपल, एक दिन बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई
नई दिल्ली। दिल्ली कोरोना वायरस से संक्रमित 8 लोग पाए गए हैं। इसमे से एक व्यक्ति जिसकी उम्र 44 वर्ष है उसका भी सैंपल कोरोना वायरस टेस्ट में पॉजिटिव आया है। इस व्यक्ति ने सिंगापुर जाने से पहले अपना सैंपल टेस्ट के लिए दिया था, जिसका डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में टेस्ट किया गया और यह पॉजिटिव आया है। जिस दिन यह व्यक्ति दिल्ली से सिंगापुर के लिए रवाना हुआ उससे एक दिन पहले उसने अपना सैंपल टेस्ट के लिए दिया था, जिसकी मंगलवार को रिपोर्ट आई और यह पॉजिटिव पाया गया है।

सिंगापुर जाने से पहले कराया था टेस्ट
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि यह व्यक्ति पहले ही सिंगापुर के लिए रवाना हो चुका है, वह सिंगापुर व भारत दोनों ही जगह रहता है। वह मार्च माह में कनाडा गया था। उसके माता-पिता अभी भी साकेत में रहते हैं और उनके सैंपल को टेस्ट के लिए भेजा गया है। हम उन आठ लोगों पर भी नजर रख रहे हैं जो लोग उस व्यक्ति के संपर्क में आए थे, इसमे घर में काम करने वाले और ड्राइवर भी शामिल हैं, जिनका सैंपल टेस्ट के लिए लिया गया है। दिल्ली में कोरोना वायरस का 8वां मामला सामने आया है।

दिल्ली में 8 मामले
दिल्ली में सात अन्य कोरोना वायरस संक्रमण के जो मामले सामने आए हैं उसमे से दो का इलाज हो चुका है और अब वह स्वस्थ्य हो गए हैं। जबकि इटली से भारत वापस आई 46 वर्षीय महिला की 13 मार्च को मौत हो गई थी। एक अन्य व्यक्ति जो राजस्थान का रहने वाला है, व इटली से वापस लौटा था, उसे मानेसर के क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है और हर संभव लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रही है कि कैसे इस जानलेवा संक्रमण से बचा जाए।

लगातार बढ़ रहे मामले
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या भारत में 150 तक पहुंच गई है। तीन लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत भी हो चुकी है। जबकि दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 204732 पहुंच गई है। इस वायरस से 8270 लोगों की दुनियाभर में मौत हो चुकी है। सरकार लोगों से लगातार अपील कर रही है कि वह कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए दी जा रही सलाह को मानें और जरूरी ना हो तो घर से बाहर ना निकलें।












Click it and Unblock the Notifications