भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार, 15 दिन में 20 लाख मामले आए सामने
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में हर रोज काफी तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 69239 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 912 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज जो ताजा आंकड़े जारी किए गए हैं, उसके अनुसार में देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 30 लाख को पार कर गई है। देश में अब कोरोना संक्रमण के कुल 3044941 मामले हो गए हैं। वहीं कोरोना से देश में मरने वालों की संख्या 56706 हो चुकी है। आईसीएमआर के अनुसार 22 अगस्त तक कुल 3529220 सैंपल टेस्ट किए गए, जबकि 22 अगस्त को 801147 लोगों का टेस्ट किया गया है।
Recommended Video

15 दिन में 20 लाख नए मामले
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या हर रोज बढ़ रही है जोकि निसंदेह चिंता की बड़ी वजह है, लेकिन राहत की बात यह है कि संक्रमण से ठीक होने की दर में भी इजाफा हो रहा है। मौजूदा कोरोना संक्रमण के कुल 3044941 मामलों में से 2280567 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल कोरोना के कुल 707668 सक्रिय मामले हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रह है या फिर वह होम क्वारेंटीन में हैं। बता दें कि पिछले 15 दिनों में देश में कोरोना के 20 लाख मामले सामने आए हैं जोकि अपने आप में चिंता का विषय है।

तेजी से ठीक हो रहे हैं लोग
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर बढ़कर 74.69 फीसदी हो गई है। वहीं कोरोना मृत्यु दर की बात करें तो यह अब काफी घट गई है और 1.87 फीसदी तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना का रिकवरी रेट दुनिया में सबसे अच्छा शायद भारत में ही है जहां 75 फीसदी लोग ठीक हो रहे हैं और मृत्यु दर 1.87 फीसदी है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया है कि देश में कोरोना की वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल अपने अंतिम चरण में है।

भारत पहुंचा तीसरे पायदान पर
7 अगस्त को देश में कोरोना के मरीजों की संख्या तकरीबन 10 लाख थी, लेकिन अगले दो हफ्तों में यह संख्या तीन गुना बढ़कर 30 लाख को पार कर गई। ताजा आंकड़े सामने आने के बाद अब भारत ब्राजील से एक पायदान नीचे है। दुनिया में सर्वाधिक कोरोना के मामले अमेरिका में हैं। यहां कोरोना के कुल 6579765 मामले हैं, दूसरे पायदान पर ब्राजील है, जहां कोरोना के कुल 3582698 मामले हैं, जबकि भारत तीसरे पायदान पर है और यहां कोरोना के कुल मामले 3044941 हैं।












Click it and Unblock the Notifications