कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच थोड़ी राहत! बीते 24 घंटे में सिर्फ 6 प्रतिशत बढ़े मरीज
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1490 नए मामले सामने आए हैं और 56 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 24,942 हो गई है, जिसमें 18,953 सक्रिय हैं, 5210 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 779 लोगों की मौत हो गई है।

इस बीच, थोड़ी राहत वाली खबर यह है कि कल सुबह से आज सुबह तक (पिछले 24 घंटों) में कोरोना के नए मामलों में सिर्फ 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि कल (शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक) Covid-19 के नए मामलों में 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। भारत में कोरोना के 100 मामले आने के बाद से यह रोजाना आधार पर दर्ज सबसे कम वृद्धि दर है। बता दें कि सरकार ने कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन को 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया है।
घरेलू कंपनियां रोजाना तैयार कर रहीं 1 लाख PPE किट
कोविड-19 पर उच्चाधिकार प्राप्त मंत्रिसमूह/जीओएम (GOM) की 13वीं बैठक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई। जीओएम को कोविड-19 संक्रमण के मामलों का इलाज कर रहे विशेष अस्पतालों का राज्यवार ब्योरा दिया गया। साथ ही, पृथक बिस्तर एवं वार्ड, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट), एन 95 मास्क, दवाइयां, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य की उपलब्धता की भी जानकारी दी गई।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'आज की तारीख तक, एक लाख से अधिक किट और एन 95 मास्क देश में प्रतिदिन बन रहे हैं। अभी देश में पीपीई के 104 स्वदेशी विनिर्माता और एन 95 मास्क के तीन विनिर्माता हैं।' इसमें कहा गया है कि इसके अलावा स्वदेशी विनिर्माताओं के जरिये वेंटिलेटर का उत्पादन भी शुरू हो गया है और नौ विनिर्माताओं को 59,000 से अधिक इकाइयों के लिये आर्डर दिये गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications