ICMR ने बताया, कब खत्म होगी कोरोना वायरस की तीसरी लहर
नई दिल्ली, 5 फरवरी: देश में इस समय चल रही कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर अगले महीने यानी मार्च में तकरीबन खत्म हो जाएगी। भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (आईसीएमआर) के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. समीरन पांडा ने शुक्रवार को ये दावा किया है। उन्होंने इस लहर में काफी ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल का नाम विशेष तौर पर लिया है। डॉ पांडा का कहना है कि मौजूदा महीने, फरवरी के आखिर में ही यहां कोरोना के केस काफी हद गिर जाएंगे।

डॉक्टर समीरन पांडा का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में तीसरी लहर अलग-अलग वक्त पर खत्म होगी। जिन राज्यों और जिलों में जनवरी की शुरुआत में बहुत ज्यादा नए केस आ रहे थे, अब वहां धीरे-धीरे संक्रमण में गिरावट आ रही है। महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में इस महीने के आखिर तक कोरोना की तीसरी लहर खत्म हो सकती है। इन राज्यों में तीसरी लहर का पीक गुजर चुका है और इस महीने के अंत तक ये बेस लेवल तक पहुंच जाएगी। जहां तक पूरे देश की बात है तो मार्च तक तीसरी लहर खत्म होने की उम्मीद है। डॉक्टर पांडा ने कहा कि महामारी अब स्थिरता की तरफ बढ़ रही है और अगर भविष्य में कोरोना वायरस का कोई खतरनाक वेरिएंट नहीं आता है तो सबकुछ कंट्रोल में आ सकता है।
देश में कोरोना की स्थिति
देश में बीते कुछ दिनों में कोरोना वायरस के नए मामलों में गिरावट देखी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 1,27,952 नए केस मिले हैं, जबकि 1059 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस के एक्टिव मरीज भी घटे हैं, एक्टिव केस अब घटकर 13,31,648 हो गए हैं। इसके अलावा कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट भी कम होकर 7.98 फीसदी के स्तर पर आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications