कोरोना का कहर: 19 से 31 मार्च तक फिल्मों और टीवी की शूटिंग पर लगी रोक
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कहर से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। हर क्षेत्र, हर काम इससे प्रभावित है। अब फिल्म और टीवी इंडस्ट्री ने 15 मार्च यानी रविवार को आगामी 19 मार्च से 31 मार्च तक शूटिंग बंद करने का फैसला लिया गया है। इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रड्यूसर्स असोसिएशन के द्वारा हुई मीटिंग में इस बात का फैसला किया गया है। बता दें कि इस समय देश और देश के बाहर फिल्म और टीवी के लिए शूटिंग चल रही है। रविवार को फैसला लेने के बाद सभी आगे तीन दिन का समय दिया गया है ताकि सभी शूटिंग का पैकअप कर सकें।

जानकारी के मुताबिक इस महामारी को फैलने से रोकने और मेम्बर्स को बचाने के लिए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉयज (एफडब्लूआईसीई), इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्युसर एसोसिएशन (इंपा) और वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्युसर एसोसिएशनव (डब्लूआईएफपीए) के अधिकारियों ने मीटिंग की।
इस मीटिंग में फैसला लिया गया कि सभी फिल्म, टीवी सीरियल और वेब सीरिज की शूटिंग 19 मार्च तक पूरी कर ली जाए। जिसके बाद 19 मार्च से 31 मार्च तक शूटिंग पर रोक लगा दिया गया है। टीवी और वेबसीरीज के चेयरमैन जेडी मजेठीया ने कहा, 'देश-दुनिया, समाज, फिल्म इंडस्ट्री और वर्कर के हित में फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रही सभी संस्थाओं ने मिलकर यह फैसला लिया है।
कोरोना का प्रकोप बहुत तेजी से फैल रहा है और नए-नए पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। रविवार को भारत में कोरोना वायरस का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है और ताजा जानकारी के अनुसार, यहां कोविड-19 (COVID-19) से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। भारत के कई राज्यों से कोविड-19 के केस सामने आ रहे हैं, लेकिन महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा 32 मामले दर्ज किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications