Coronavirus:अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर है नजर, RBI ऐक्शन को तैयार
नई दिल्ली- भारत में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की संख्या में इजाफे के बाद रिजर्व बैंक भी बाजार पर पड़ने वाले इसके प्रभावों को लेकर सतर्क हो गया है। मंगलवार को रिजर्व बैंक ने कहा है कि वह कोरोना वायरस के वैश्विक और घरेलू प्रभावों पर नजदीकी नजर रख रहा है और वित्त बाजार के कारोबार को सुचारू बनाए रखने के लिए हर तरह के जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार है। रिजर्व बैंक की ओर से ये बयान दिल्ली-एनसीआर में आए कोरोना वायरस के कुछ संदिग्धों की जानकारी मिलने के बाद आई है। इससे पहले सोमवार को रिजर्व बैंक शेयर बाजार पर इसके वैश्विक कहर के असर को भी देख चुका है।

मंगलवार को आरबीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, विश्व स्तर पर वित्तीय बाजारों को काफी अस्थिरता का सामना करना पड़ रहा है, कोरोना वायरस के फैलने से जोखिम का डर बढ़ गया है और लोग निवेश को सुरक्षित करना चाहते हैं। ये बयान सोमवार को बाजार के धाराशायी होने के बाद आया है, जब सेंसेक्स 1000 अंकों से भी नीचे गिर गया और निफ्टी भी औंधे मुंह लोट गया।
हालांकि, मंगलवार को बाजार ने फिर से वापसी की है, लेकिन कोरोना वायरस को लेकर चिंताएं बरकरार हैं। उधर ग्लोबल स्टॉक्स की नजरें भी जी7 के वित्त मंत्रियों की बैठक से पहले अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले इसके संभावित असर पर टिकी हुई हैं। इससे पहले यूरोपियन सेंट्रल बैंक और अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक भी इससे निपटने के लिए निश्चित कार्रवाई की बात कर चुका है, ताकि इकोनॉमी पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके।
बता दें कि कोरोना वायरस के खौफ ने अमेरिका के मुख्य इंडेक्स डाउ जोन्स को भी 1,000 अंकों से नीचे गिरा दिया था, पिछले सात दिनों में वह 3,000 अंकों से भी ज्यादा गिर चुका है।
उधर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोनोवायरस का प्रकोप एक निर्णायक बिंदु पर पहुंच चुका है और इसकी महामारी संभावित है, क्योंकि चीन में मौतों की संख्या 3,000 से पार हो गई है।
भारत में इसके प्रभाव पर नियंत्रण रखने के लिए सरकार ने इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया और जापान के नागरिकों की भारत में एंट्री भी तत्काल प्रभाव से सख्त कर दी है और नियमों को कड़ा कर दिया है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ट्रैवल एडवाइजरी के मुताबिक इन देशों से आने वाले नए यात्रियों को नए वीजा के लिए आवेदन करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications