असम की केंद्र को चिट्ठी, कहा- दो हफ्ते और बढ़ाया जाए लॉकडाउन
नई दिल्ली। असम सरकार ने केंद्र को चिट्ठी लिखकर सुझाव दिया है कि 17 मई को लॉकडाउन ना उठाया जाए बल्कि इसे दो हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया जाए। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल की ओर से इसकी जानकारी दी गई है कि 17 मई के बाद लॉकडाउन खत्म करने या ना करने को लेकर राज्य सरकारों ने केंद्र सरकार को अपने सुझाव भेजे हैं। इसमें असम की ओर से केंद्र को लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव भेजा गया है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा, हमने लिखित में केंद्र सरकार को सुझाव भेजा है कि लॉकडाउन को अभी दो हफ्ते और जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से सुझाव गया है लेकिन आगे का फैसला केंद्र सरकार को ही करना है। असम में कोरोना वायरस के कुल 87 केस हैं, यहां इस वायरस से 2 लोगों की मौत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया था। इसके दो बार बढ़ाया जा चुका है। फिलहाल देश में लॉकडाउन का तीसरा चरण है जो 17 मई को खत्म होगा। 18 तारीख से लॉकडाउन में क्या छूट दी जाए, इसके लिए केंद्र ने राज्यों से सुझाव मांगे हैं। हालांकि लॉकडाउन अभी खत्म नहीं होगा इसका इशारा पीएम मोदी कर चुके हैं।
कोरोना वायरस का खतरा देश और दुनिया में लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3967 नए मामले सामने आए हैं और 100 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में भारत में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 81,970 हो चुकी है और कुल 2649 लोगों की जान अब तक इस वायरस के चपेट में आने से हुई है। देश में इस समय 51,401 एक्टिव केस हैं यानी इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 27,920 मरीज अब तक रिकवर हुए हैं और ठीक होकर घर जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications