मदद करने के इस जज्बे को सलाम, नोएडा में एडमिट वरिष्ठ पत्रकार को प्लाज्मा देने मुंबई से आए अमित
मदद करने के इस जज्बे को सलाम, नोएडा में एडमिट वरिष्ठ पत्रकार को प्लाज्मा देने मुंबई से आए अमित
नई दिल्ली, 6 मई: कोरोना वायरस का संक्रमण देश में तेजी से बढ़ रहा है तो वहीं एक दूसरे की मदद करने के लिए भी लोग लगाातार आगे आ रहे हैं। अपने आसपास ही नहीं बल्कि दूसरे शहरों में जाकर भी लोग मदद कर रहे हैं। मुंबई के रहने वाले अमित सावंत ने कुछ ऐसा ही किया है। अमित मुंबई से फ्लाइट पकड़कर नोएडा आए और यहां उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह को प्लाज्मा डोनेट किया।

पत्रकार शेष नारायण सिंह को थी प्लाज्मा की जरूरत
पत्रकार शेष नारायण सिंह को कोरोना हुआ है। जिसके बाद उनको जिम्स ग्रेटर नोएडा में भर्ती कराया गया है। शेष नारायण सिंह को प्लाज्मा की जरूरत थी लेकिन डोनर नहीं मिल पा रहा था। कई पत्रकारों ने उनके लिए फेसबुक पर प्लाज्मा की मांग की थी तो वहीं यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास लगातार उनके लिए प्लाज्मा डोनर की तलाश में थे।

मुंबई से चले आए अमित सावंत
उनको लेकर लगातार सोशल मीडिया पर लिख रहे लोगों को आज सुबह श्रीनिवास ने ट्विटर पर बताया कि वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह के लिए GIIMS नोएडा में AB+ve डोनर का इंतजाम हो गया है। श्रीनिवास ने लिखा कि वो बार-बार अमित सावंत का शुक्रिया अदा करते हैं। वो मुंबई से नोएडा आए और यहां शेष नारायण सिंह की जिंदगी बचाने के लिए प्लाज्मा दिया।

अमित के साथ-साथ श्रीनिवास की भी हो रही तारीफ
श्रीनिवास के इस ट्वीट के बाद लोग सोशल मीडिया पर अमित सांवत की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अमित के जज्बे की तारीफ की है। लोगों ने लिखा है कि कई लोग घर के करीब के अस्पताल तक नहीं जाते हैं और अमित मुंबई से चले आए, उनका ये जज्बा कमाल का है। बता दें कि यूथ कांग्रेस के नेता बी.वी. श्रीनिवास कोरोना संकट के दौरान अपने काम से सबका ध्यान खींच रहे हैं। पत्रकार शेष नारायण सिंह के अलावा भी सैकड़ों लोगों तक वो ऑक्सीजन, दवा पहुंचा चुके हैं और प्लाज्मा डोनर का इंतजाम कर चुके हैं। उनकी भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है।












Click it and Unblock the Notifications