कोरोना पर गोवा सरकार का बड़ा ऐलान- प्राइवेट अस्पतालों में फ्री में होगा मरीजों का इलाज
पणजी, 16 मई: भारत का तटीय राज्य गोवा जनसंख्या के हिसाब से तो छोटा है, लेकिन वहां पर कोरोना वायरस के केस बहुत हैं। जिस वजह से अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की कमी की खबरें लगातार आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोवा सरकार ने एक अहम फैसला लिया है, जिसके तहत अब राज्य के सभी प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों का इलाज फ्री में किया जाएगा।

मामले में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि हाल ही में जीएमसीएच में ऑक्सीजन की कमी से मौत की खबर सामने आई थी, ये बात एकदम गलत है। किसी भी जगह पर मौत को और ऑक्सीजन की कमी को जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इसी के साथ उन्होंने ऐलान किया कि गोवा के प्राइवेट अस्पताल कोरोना मरीजों का मुफ्त इलाज करेंगे। इसका पूरा भुगतान सरकार की ओर से किया जाएगा।
सीएम ने आगे कहा कि हमने गोवा में 21 प्राइवेट अस्पतालों की लिस्ट तैयार की है। उनसे 50 प्रतिशत बेड कोविड मरीजों के लिए रखने को कहा गया है। इसके अलावा कुछ अस्पतालों में नियमों के उल्लंघन का भी मामला सामने आया था। ऐसे में 17 मई से सरकार सारे अस्पतालों का कंट्रोल अपने हाथ में लेगी। मरीजों के इलाज के हिसाब से इन सभी अस्पतालों का भुगतान कर दिया जाएगा।
5 दिन में 83 की मौत
आपको बता दें कि 5 दिनों में गोवा के सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी की वजह से 83 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिस पर विपक्षी पार्टी गोवा फॉरवर्ड के नेता विजय सरदेसाई ने मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत के इस्तीफे की मांग की है। उम्मीद जताई जा रही है कि फ्री इलाज के इस ऐलान के बाद से विवाद थोड़ा कम होगा।












Click it and Unblock the Notifications