दिल्ली में तेजी से कम हो रहे कोरोना के मामले, 4291 नए केस आए सामने
नई दिल्ली, 27 जनवरी: देश में कोरोना महामारी का कहर जारी है। कुछ दिनों पहले तक राजधानी दिल्ली भी इससे बुरी तरह प्रभावित थी, लेकिन वहां पर अब हालात सुधरते हुए नजर आ रहे हैं। राजधानी में गुरुवार को 4291 मामले सामने आए, जबकि बुधवार को ये आंकड़ा 7498 था। ऐसे में देखा जाए तो तेज रफ्तार से रोजाना के केस कम हो रहे हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 29 मरीजों ने जान गंवाई और 11,164 मरीज रिकवर हुए। जिस वजह से एक्टिव केस की संख्या 33,175 है।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 44,903 टेस्ट किए गए थे, जिसमें से 4291 मरीज पॉजिटिव मिले। ऐसे में राजधानी का पॉजिटिविटी रेट अब 9.56 प्रतिशत हो गया है। विभाग ने आगे बताया कि दिल्ली में अभी 26,812 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 145 मरीजों को कोविड केयर सेंटर में रखा गया है। इसके अलावा 1906 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल में 86 प्रतिशत बेड अभी खाली हैं।
मिलने लगी राहत
राजधानी में केस कम होने के साथ लोगों को राहत मिलने लगी है। दिल्ली सरकार ने गुरुवार को समीक्षा के बाद वीकेंड कर्फ्यू खत्म करने का फैसला लिया। इसके अलावा दुकानों को खोलने के लिए लागू ऑड-ईवन व्यवस्था भी अब खत्म कर दी गई है यानी सभी दुकानों को रोजाना खोला जा सकेगा। हालांकि रात का कर्फ्यू अभी जारी रहेगा। दिल्ली सरकार के मुताबिक अभी स्कूल बंद रहेंगे। आगे के हालात को देखते हुए इस पर फैसला लिया जाएगा।
देश में कितने मामले?
गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 2,86,384 नए केस सामने आए हैं, जबकि 573 मरीजों की मौत हुई। इस अवधि में 3,06,357 मरीज कोरोना से रिकवर हुए हैं। ऐसे में देश में एक्टिव केस की संख्या 22,02,472 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पूरे देश में अब तक वैक्सीन की 1,63,84,39,207 डोज लोगों को दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications