अगले साल से शुरू हो सकता है बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का निर्माण
जापान की मदद से बनने वाले मुंबई-अहमदाबाद के कॉरिडोर का निर्माण अगले साल से शुरू हो सकता है।
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अगले साल 2017 से मुंबई-अहमदाबाद के बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर काम करना शुरू कर देगा।
रेलवे बोर्ड के सदस्य मोहम्मद जमशेद ने मुंबई में एक सम्मेलन के दौरान कहा अगले साल हाई स्पीड रेलवे कॉरिडोर का काम शुरू हो जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस रूट में जमीन अधिग्रहण सरीखे कुछ विवादित मामले भी हैं, जिनका अभी हल नहीं हुआ है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार जमशेद ने कहा कि नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड प्रोजेक्ट को लागू करेगी।
2024 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के 2023 से 2024 तक पूरा होने की संभावना है। बता दें कि हाल ही में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस बात का आश्वासन दिया है कि बुलेट ट्रेन का किराया, हवाई जहाज से कम होगा।
गौरतलब है कि जापान की सरकार, पूरे प्रोजेक्ट का 81 फीसदी धन, बतौर ऋण भारत को मुहैया करा रही है। साथ ही यह ऋण भारत को 50 साल में देना होगा। इस पर सिर्फ 0.1फीसदी का प्रतिवर्ष ब्याज लगेगा।
बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद के बाद 5 अन्य कॉरिडोर बनाए जाने की योजना है, जिसमें दिल्ली-मुंबई, मुंबई-चेन्नई, मुंबई-नागपुर,दिल्ली कोलकाता और दिल्ली-नागपुर के रूट शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications