देखिये अन्ना हजारे का कैसे इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस

सबसे पहले बात करते हैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी की। लोकपाल बिल पास होने के तुरंत बाद मीडिया से मुखातिब कांग्रेस अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार देश को भ्रष्टाचार से मुक्त देखने का संकल्प ले चुकी है और इसी सोच के साथ लोकपाल बिल पास किया गया है। दोनों ने अन्ना हजारे को धन्यवाद दिया। उसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तो अन्ना को अपनी ही संपत्ति मान लिया। महाराष्ट्र, दिल्ली और हरियाणा में जगह-जगह पोस्टर लग गये, जिसमें राहुल और सोनिया के साथ अन्ना को दिखाया गया है। यानी कांग्रेस जनता को यह जताने की कोशिश में है, कि अन्ना अब उसके साथ हैं।
कांग्रेस क्यों कर रही है ऐसा?
कांग्रेस यह सब इसलिये कर रही है, ताकि लोकसभा चुनाव में वह जनता के सामने नई छवि के साथ जा सके। कांग्रेस की योजना के अंतर्गत बात अगर भ्रष्टाचार की आयेगी तो सबसे पहले कांग्रेसी नेता यही कहेंगे कि जैसे ही भ्रष्टाचार के बारे में पता चला, हमने बड़ी-बड़ी कमेटियां गठित कर जांच करायी और दोषियों को जेल पहुंचाया। आगे भ्रष्टाचार नहीं हो इसलिये हम सशक्त लोकपाल बिल लाये। और अब तो हमारे लोकपाल बिल से अन्ना हजारे जैसी शख्सियतें भी सहमत हैं।
क्या करेंगे अन्ना?
आपको याद होगा कि आम आदमी पार्टी के गठन के बाद जब 'आप' के कुछ पोस्टरों पर अन्ना हजारे दिखाई दिये, तो अन्ना ने अरविंद केजरीवाल को कड़ी फटकार लगायी और कहा, "मैं किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं हूं, मेरे पोस्टर का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के लिये नहीं किया जाये।" तब केजरीवाल को बहुत दु:ख पहुंचा था। आज बारी कांग्रेस की है। सवाल यह उठता है कि क्या अन्ना कांग्रेस को भी वही झिड़की देंगे, या फिर पत्र लिखकर कहेंगे, "प्रिय राहुल गांधी जी......।"












Click it and Unblock the Notifications