कांग्रेस सेवादल ने किया संघ का गुणगान, कहा- आजादी की लड़ाई में संगठन ने लिया था हिस्सा
नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले विदेशी धरती पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से की थी। अब उसी कांग्रेस ने आरएसएस की तारीफ की है। कांग्रेस सेवादल ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए आरएसएस को फौजी अनुशासन वाला संगठन बताया है। इतना ही नहीं सेवादल ने संघ के संस्थापक डॉक्टर हेडगेवार को देशभक्त भी बताया है। सेवादल के प्रेसनोट में डॉ. हेडगेवार के 1921 के असहयोग आंदोलन में भाग लेने और जेल जाने का जिक्र भी किया गया है। साथ ही 1928 में साइमन कमीशन के भारत आगमन पर आरएसएस के आंदोलन करने का भी जिक्र किया गया है।

आजादी की लड़ाई में लिया था हिस्सा
सेवादल के अनुसार आरएसएस ने देश की आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया था। मामला जब सुर्खियों में आया तो सेवादल की तरफ से इसकी सफाई भी दी गई। सेवादल ने एक दूसरा प्रेस नोट जारी किया और पहले को प्रिंटिंग मिस्टेक बताया। आपको बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक बाबरिया ने भी संघ की तारीफ की थी।

राहुल गांधी के बेहद करीबी नेता ने भी की थी तारीफ
बाबरिया ने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरएसएस से अनुशासन सीखना चाहिए। उन्होंने कहा था कि आरएसएस के अच्छे पहलुओं की तारीफ करने में कोई संकोच नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि नेहरू ने भी संघ के अनुशासन का प्रयोग चीन के साथ हुए युद्ध में किया था। आपको बता दें कि दीपक बाबरिया राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते हैं।

राहुल गांधी ने की थी मुस्लिम ब्रदरहुड से तुलना
राहुल गांधी ने लंदन में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट आफ स्ट्रेटजिक स्टडीज (आईआईएसएस) के एक कार्यक्रम में आरएसएस की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से की थी। उन्होंने कहा था कि आरएसएस भारत के हर संस्थान पर कब्जा कर देश के स्वरूप को ही बदलना चाहता है। उन्होंने कहा था कि हम एक संगठन से संघर्ष कर रहे हैं, जिसका नाम आरएसएस है जो भारत के मूल स्वरूप (नेचर आफ इंडिया) को बदलना चाहता है। भारत में ऐसा कोई दूसरा संगठन नहीं है जो देश के संस्थानों पर कब्जा जमाना चाहता हो। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि हम जिससे जूझ रहे हैं वह एकदम नया विचार है। यह ऐसा विचार है जो अरब जगत में मुस्लिम ब्रदरहुड के रूप में पाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications