कर्नाटक: कांग्रेस का सनसनीखेज आरोप, रेड्डी बंधुओं की जमानत के लिए पूर्व CJI को दी 100 करोड़ की घूस
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ कुछ घंटे बचे हैं, लेकिन मतदान से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता श्रीमुलु ने कथित रूप से सुप्रीम कोर्ट के जज को रेड्डी बंधुओं की रिहाई के लिए घूस दी थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अवैध खनन मामले में भाजपा नेता सुप्रीम कोर्ट के जज को घूस दी थी। कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू राव ने यह सनसनीखेज आरोप चुनाव से ठीक पहले लगाया है।

घूस देकर हुआ फैसला
दिनेश गुंडु का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बालाकृष्णन के रिटायरमेंट से ठीक पहले उन्हें खनन मामले में घूस दी गई थी, ताकि रेड्डी बंधुओं को जमानत दी जा सके। उन्होंने कहा कि इस बाबत अब तो कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमे बताया गया है कि कैसे यह डील मुख्य न्यायधीश के साले श्रीमुलु के बीच हुई थी। वीडियो के द्वारा कांग्रेस ने दावा किया है कि श्रीमुलु, कैप्टन रेड्डी, बालन, स्वामीजी रजनीश और तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सके साले श्रीनिजन के बीच इस मामले को लेकर डील हुई थी, जिसके बाद रेड्डी बंधुओं के पक्ष में फैसला दिया गया था।

वीडियो के हवाले से खुलासा
कांग्रेस का दावा है कि यह वीडियो इसलिए शूट किया गया था क्योंकि घूस को लेकर रकम पर सहमति नहीं बन पाई थी। दिनेश राव ने सवाल पूछा है कि बावजूद इसके कि भाजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और उन्होंने जेल की सजा काटी है, प्रधानमंत्री कर्नाटक आते हैं और हमपर निराधार आरोप लगाते हैं। यह बड़ा खुलासा यह दिखाता है कि कैसे रेड्डी-श्रीमुलु की गैंग ने मुख्य न्यायाधीश को घूस दिया, क्या प्रधानमंत्री और भाजपा इसका जवाब देगी।

पीएम से दागा सवाल
राव ने कहा कि श्रीमुलु भाजपा के स्टार प्रचारक हैं, हम प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि वह इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़े, आखिर क्यों बेल्लारी गैंग को फिर से कर्नाटक में लूट के लिए वापस लाया गया। हम इस मामले में तत्काल प्रभाव से जांच की मांग करते हैं। कांग्रेस ने दावा किया है कि जनवरी से मई 2010 के बीच जनार्दन रेड्डी, श्रीमुलु, कैप्टन रेड्डी, स्वामीजी श्रीरंजन व मुख्य न्यायाधीश के साले के बीच कई बैठक हुई। इस दौरान 500 करोड़ रुपए की घूस पर बात हुई, लेकिन 100 करोड़ रुपए पर सहमति बनी, जिसके बाद मामले में फैसला जनार्दन रेड्डी के पक्ष में दिया गया।

भाजपा ने आरोपों को खारिज किया
हालांकि भाजपा ने इस पूरे आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस आरोप में किसी भी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। प्रेस कांफ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि इस तरह के कई फर्जी वीडियो हैं, ऐसे में कांग्रेस कुछ भी कहे उसपर विश्वास करने की जरूरत नहीं है। आपको बता दें कि 12 मई को कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि 15 मई को नतीजे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications