कांग्रेस ने स्मृति ईरानी को भारत जोड़ो यात्रा में आने का भेजा न्योता, BJP ने दिया जवाब
कांग्रेस की ओर से अमेठी से भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की ओर से मुझे निर्देश मिला था

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश पहुंचने वाली है। यूपी पहुंचने से पहले कांग्रेस की ओर से स्मृति ईरानी को इस यात्रा में शामिल होने का न्योता मिला है। कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने गुरुवार को कहा कि मैंने अमेठी से भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को इस यात्रा में शामिल होने के लिए पत्र लिखा है और उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सामिल होने का न्योता दिया है। दीपक सिंह ने बताया कि मैंने यह न्योता स्मृति ईरानी के सचिव नरेश शर्मा को गौरी गंज स्थित कैंप ऑफिस में दिया है।
पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की ओर से मुझे निर्देश मिला था कि हर किसी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया जाए। मैंने सोचा अमेठी से सांसद स्मृति जुबिन ईरानी को सबसे पहले न्योता दिया जाना चाहिए। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या स्मृति ईरानी कांग्रेस के न्योते को स्वीकार करके क्या इस यात्रा में शामिल होंगी। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू कश्मीर तक जाएगी।
स्मृति ईरानी को कांग्रेस की ओर से मिले न्योते पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने कहा कि इस बात का कोई सवाल ही नहीं उठता है कि अमेठी की सांसद या भाजपा का कोई कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होगा। भारत हमेशा से ही भारत को जोड़ने वाली विचारधार पर काम करती है। भारत कभी टूटा नहीं है, ऐसे में भारत को जोड़ने की बात कहां से आई है। बता दें कि स्मृति ईरानी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 2019 के लोकसभा चुनाव में मात दी थी। जिसके बाद से स्मृति ईरानी को भाजपा के शीर्ष नेताओं में शुमार किया जाने लगा। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंचेगी।












Click it and Unblock the Notifications