महात्मा गांधी पर दिए बयान के लिए भाजपा, मोदी और शाह मांगें माफी- कांग्रेस
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर की गई टिप्पणी अब विवाद का रूप ले रही है। छत्तीसगढ़ में पार्टी कार्यक्रम के दौरान शाह ने गांधी को 'चतुर बनिया' कहा था उसको लेकर दल उनका विरोध कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने मांग की है कि शाह माफी मांगे।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सूरजेवाला ने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, स्वतंत्रता संग्राम और आजादी की लड़ाई के रणबांकुरों की कुर्बानी को व्यापार की संज्ञा दे, पूरी आजादी की लड़ाई का घोर अपमान किया है और स्वतंत्रता सेनानियों को शर्मसार करने का कुत्सित प्रयास भी किया है।
देश का बंटवारा
उन्होंने कहा कि सत्ता के व्यापारी अमित शाह आज महात्मा गांधी जी और देश की आजादी की लड़ाई को आज व्यापारी मॉडल बता रहे हैं लेकिन सच तो ये है कि आजादी से पहले अंग्रेज महासभा और संघ का इस्तेमाल एक स्पेशल पर्पस वेहिकल के तौर पर देश के बंटवारे के लिये करते रहे।
सूरजेवाला ने कहा कि आजादी के बाद भाजपा के अंग्रेज उसी विचारधारा पर चलते हुए मुठ्ठीभर धन्ना सेठों का स्पेशल पर्पस वेहिकल बन कर और उनके हितों को साधने का माध्यम बन गये हैं।
ये लोग दलितों के शोषम का माध्यम
रणदीप ने कहा कि ये लोग दलितों, गरीबों और किसानों के शोषण का माध्यम बन गये हैं इसीलिये इनको देश की आजादी की लड़ाई और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की लड़ाई एक व्यापार नजर आती है। रणदीप ने कहा कि जाति और धर्म के भेदभाव से लड़ने की बजाय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी जाति से इंगित करना, ये दर्शाता है कि सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष श्री अमित शाह की मानसिकता क्या है।
उन्होंने कहा कि जिस सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष की ये मानसिकता है वो देश को कहां ले जायेगी ये सोच कर ही मन कांप जाता है। रणदीप ने मांग की है कि अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश से और स्वतंत्रता संग्राम और उनके स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से माफी मांगे।
रणदीप ने कहा कि देश के 125 करोड़ जन-जन से पूरे देश की आजादी की लड़ाई को अपमानित करने और शर्मसार करने के लिये और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर कीचड़ उछालने के लिये माफी मांगे क्योंकि इससे घोर अपमान और घोर अपराध और शायद देशद्रोह का कार्य कोई हो नहीं सकता जो अमित शाह ने किया है।
मध्य प्रदेश सरकार पर बोला हमला
वहीं मध्य प्रदेश में सरकार के उपवास पर बैठने के मसले पर टिप्पणी करते हुए रणदीप ने कहा कि 6 किसानों के खून से जिस व्यक्ति के हाथ रंगे हैं, भारतीय जनता पार्टी के हाथ रंगे हैं। शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री और भाजपा का मध्यप्रदेश का मंत्रिमंडल आज मध्य प्रदेश में एक झूठे उपवास पर बैठा है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह और भाजपा झूठे उपवास को छोड़कर राजनीतिक वनवास पर जाने की तैयारी कर ले।
रणदीप ने सवाल किया कि क्या शिवराज सिंह चौहान और भाजपा जवाब देगी कि आज तक भी आलू पैदा करने वाले किसान प्याज पैदा करने वाले किसान 2 रुपया से 5 रुपया किलो में अपनी फसल बेचने को क्यों लाचार है?












Click it and Unblock the Notifications