Bharat Jodo Nyay Yatra: मणिपुर से शुरू कांग्रेस की यात्रा, राहुल बोले- मणिपुर का दर्द उनका नहीं
Bharat Jodo Nyay Yatra: मणिपुर के थौबल से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हुई।
Bharat Jodo Nyay Yatra: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस पार्टी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का दूसरे चरण आज मणिपुर से शुरू हो गया है। राहुल गांधी ने हिंसाग्रस्त मणिपुर से अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरुआत कर दी। मणिपुर के थौबल से राहुल गांधी ने अपनी यात्रा शुरू कर दी है।
इससे पहले राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ इंफाल पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने थौबा में खोंगजोम वॉर मेमोरियल का दौरा किया। राहुल गांधी ने एंग्लो-मणिपुरी युद्ध के योद्धाओं की स्मृति में बने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी सांसद राहुल गांधी ने थौबल से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान मंच पर सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री आपके आंसू पोंछने नहीं आए- राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि "2004 से मैं राजनीति में हूं, पहली बार मैं हिंदुस्तान के एक प्रदेश में गया, जहां शासन व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी, जिसे हम मणिपुर कहते थे वह मणिपुर रहा ही नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री आपके आंसू पोंछने, आपसे गले लगने नहीं आए।"
उन्होंने बीजेपी-आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि मणिपुर बीजेपी की राजनीति का प्रतीक है, मणिपुर बीजेपी और आरएसएस की नफरत का प्रतीक है। मणिपुर बीजेपी के दृष्टिकोण और विचारधारा का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए मणिपुर देश का हिस्सा नहीं है, पीएम अब तक आपके आंसू पोंछने नहीं आए। राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अन्याय के खिलाफ है।
हम आपकी बात जानने आए हैं- राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा हम सुबह 6 बजे शुरू करते थे और शाम 7 बजे तक चलते थे, अंत में हमारा शाम को 20-25 मिनट का एक भाषण होता था, लेकिन 7-8 घंटे हम आपकी बात सुनते थे। यही इस यात्रा का लक्ष्य है, हम आपको अपने मन की बात नहीं बताना चाहते हम आपकी बात सुनना चाहते हैं, आपके दर्द को समझना चाहते हैं।"
थौबल में राहुल गांधी ने कहा कि, "आपने (लोगों ने) वह खो दिया है जिसे आपने महत्व दिया है, लेकिन हम जिसे आपने महत्व दिया है उसे एक बार फिर से ढूंढेंगे और इसे आपके पास वापस लाएंगे। हम मणिपुर के लोगों के दर्द को समझते हैं। हम आपके दुख, हानि और दुख को समझते हैं। हम आपसे वादा करते हैं कि हम वह सब वापस लाएंगे जिसे आपने महत्व दिया है, हम वह सद्भाव, शांति, स्नेह वापस लाएंगे, जिसके लिए यह राज्य हमेशा से जाना जाता है।''
मुंबई में खत्म होगी राहुल की यात्रा
बता दें कि यह यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से होकर 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। और मार्च के तीसरे हफ्ते में यात्रा का मुंबई में समापन होगा।












Click it and Unblock the Notifications