PM मोदी के दावे के बाद राहुल गांधी का ट्वीट, बताया केसीआर की पार्टी BRS का मतलब
Rahul Gandhi on BRS: तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के साथ सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया। चुनावी राज्य में नेता एक के बाद एक दौरा करते हुए रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने एक्स (ट्वीट) पर पोस्ट करते हुए बीआरएस का मतलब बताया है।
तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी से है। पार्टी के प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव लगातार सियासी दलों पर हमला कर रहे है। इसी कड़ी में अब राहुल गांधी ने भी बीआरएस पर निशाना साधा है।

दरअसल, राहुल गांधी का सोशल मीडिया पर पोस्ट ऐसे वक्त पर आया है, जब मंगलवार को तेलंगाना के निजामाबाद में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दावा किया कि केसीआर एनडीए में शामिल होना चाहते थे, लेकिन मैंने इनकार कर दिया।
BRS मतलब BJP Rishtedaar Samiti- राहुल गांधी
वहीं अब राहुल गांधी ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- "जो मैंने कहा था आज मोदी जी ने उसे खुलेआम कबूल कर लिया BRS मतलब BJP Rishtedaar Samiti। BJP-BRS की पार्टनरशिप ने पिछले दस सालों में तेलंगाना को तबाह कर दिया है। लोग समझदार हैं और इनका खेल समझ गए हैं। इस बार वो इन दोनों को ठुकरा कर कांग्रेस की 6 गारंटी वाली सरकार बनाएंगे।"
जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा था?
पीएम मोदी ने केसीआर को लेकर कहा, "जब हैदराबाद नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने 48 सीटें जीतीं तो केसीआर को समर्थन की जरूरत पड़ी। इस चुनाव से पहले वे एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने आते थे लेकिन बाद में अचानक उन्होंने ऐसा करना बंद कर दिया। हैदराबाद नगर निगम चुनाव के बाद केसीआर मुझसे दिल्ली में मिलने आए और कहा कि वे एनडीए में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने मुझसे उन्हें समर्थन देने के लिए कहा। मैंने केसीआर को कहा कि आपके कारनामे ऐसे हैं कि मोदी आपके साथ नहीं जुड़ सकता है।"












Click it and Unblock the Notifications