'BJP सरकार से उपद्रवियों को खुली छूट, मुसलमानों पर हमले जारी', हरियाणा-महाराष्ट्र की घटना पर भड़के राहुल गांधी
Rahul Gandhi News: हरियाणा में एक प्रवासी मजदूर को बीफ खाने के शक में पीट-पीटकर मार डाला तो दूसरी तरफ महाराष्ट्र के नासिक में ट्रेन के अंदर एक बुजुर्ग पर गोमांस ले जाने के संदेह में सहयात्रियों ने हमला कर दिया। अब इन दोनों घटनाओं को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने रविवार को अपने एक पोस्ट में दोनों घटनाओं की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि बीजेपी सरकार में मुसलमानों पर हमले जारी हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि नफरत को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने वाले देशभर में लगातार भय का राज स्थापित कर रहे हैं।

उपद्रवियों को खुली छूट
हरियाणा और महाराष्ट्र की घटना पर राहुल गांधी ने पोस्ट करते हुए लिखा, "नफरत को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने वाले देश भर में लगातार भय का राज स्थापित कर रहे हैं। भीड़ की शक्ल में छिपे हुए नफरती तत्व कानून के राज को चुनौती देते हुए खुलेआम हिंसा फैला रहे हैं। भाजपा सरकार से इन उपद्रवियों को खुली छूट मिली हुई है, इसीलिए उनमें ऐसा कर पाने का साहस पैदा हो गया है।"
हम बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे-राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे लिखा कि, "अल्पसंख्यकों, खास कर मुसलमानों पर लगातार हमले जारी हैं और सरकारी तंत्र मूक दर्शक बना देख रहा है। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर कानून का इकबाल कायम किया जाना चाहिए। भारत की सांप्रदायिक एकता और भारतवासियों के अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला संविधान पर हमला है, जो हम बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले - नफरत के खिलाफ भारत जोड़ने की इस ऐतिहासिक लड़ाई को हम हर हाल में जीतेंगे।"
जानिए हरियाणा और महाराष्ट्र में क्या हुआ?
बता दें कि हरियाणा के चरखी-दादरी जिले में पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक प्रवासी मजदूर साबिर मलिक की बीफ खाने के शक में पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना 27 अगस्त को हुई थी। वहीं महाराष्ट्र के नासिक में इगतपुरी के पास ट्रेन में गोमांस ले जाने के संदेह में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सहयात्रियों ने हमला बोला।












Click it and Unblock the Notifications