कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: नामांकन से पहले देर रात जी-23 के नेताओं ने की अहम मुलाकात
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: नामांकन से पहले देर रात जी-23 के नेताओं ने की अहम मुलाकात
नई दिल्ली, 29 सितंबर: देश की राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय इंतजार के बाद चुनाव होने जा रहा है। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 30 सितंबर शुक्रवार हैं । नामांकन के अंतिम दिन से पहले गुरुवार की देर रात्रि कांग्रेस पार्टी के जी 23 गुट के चार नेताओं ने आनंद शर्मा के घर पर पहुंच कर मुलाकात की और कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव से पहले उभरने वाली पूरी स्थिति पर चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार जी 23 के नेता फिर मुलाकात करेंगे और अध्यक्ष पद के चुनाव में कल इनके गुट का कोई नेता नामांकन भी करेगा। गुरुवार की देर रात आनंद शर्मा के घर पर जी 23 गुट के नेता मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण, बीएस हुड्डा ने मुलाकात की। याद रहे जी23 गुट में कांग्रेस के वो बागी नेता हैं जिन्होंने कुछ महीने पहले सोनिया गांधी को पत्र लिखा था। जी 23 के नेताओं का ये गुट पिछले कई महीनों से नेतृत्व को चुनौती दे रहा है। मनीष तिवारी का नाम इस गुट से अध्यक्ष पद के लिए सामने आ रहा था हालांकि इस अहम बैठक के बाद ऐसा कोई ऐलान नहीं किया गया है।
आनंद शर्मा के घर से निकलते हुए मनीष तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा
अभी तक अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। एक बार नामांकन हो जाने के बाद, चिंतन होगा। मनीष तिवारी ने कहा लोकतांत्रिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। हमारे साथ बीएस हुड्डा, आनंद शर्मा, पृथ्वीराज चव्हाण इस पर विचार-विमर्श के लिए बैठे और अब तक के घटनाक्रम पर चर्चा की। देखते हैं कल क्या होता है।
आनंद शर्मा के घर से निकलते हुए पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा
अच्छा है कि कांग्रेस पार्टी में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हो रहे हैं। हमने निष्पक्ष चुनाव के लिए सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया है। देखते हैं कौन नामांकन दाखिल करेगा। हमने कुछ नाम सुने हैं। हम मैदान में सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications